April 1, 2026

उत्कल दिवस एवं वार्षिकोत्सव स्नेह सम्मेलन में शामिल हुए सीएम,रथ यात्रा के लिए 5 लाख की घोषणा

IMG-20260401-WA0942.jpg
Share

Samna.in Raigarh मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय आज रायगढ़ के बाबा प्रियदर्शी राम ऑडिटोरियम, पंजरी प्लांट में उत्कल सांस्कृतिक सेवा समिति द्वारा आयोजित ‘उत्कल दिवस एवं वार्षिकोत्सव स्नेह सम्मेलन’ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्यमंत्री द्वारा भगवान जगन्नाथ स्वामी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं ‘वन्दे उत्कल जननी’ के मधुर गायन के साथ हुआ।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने समाज की बहुप्रतीक्षित पत्रिका ‘सुविधा’ का विमोचन किया, जिसमें समाज के रीति-रिवाज, उपलब्धियां और संपर्क नंबर संकलित हैं। समाज की मांग पर उन्होंने जगन्नाथ रथ यात्रा के आयोजन के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की तथा मंदिर जीर्णोद्धार और अन्य मांगों पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्मांतरण कराने वालों के विरुद्ध कठोर कानून का बिल पास किया गया है, जिसमें कड़ी सजा और जुर्माने का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि इससे अवैध धर्मांतरण पर प्रभावी रोक लगेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने के लिए सभी समाजों का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने कहा कि राज्य वन एवं खनिज संपदा से समृद्ध है। वन उत्पादों के वैल्यू एडिशन के माध्यम से स्वरोजगार के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं।
            कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने समाज की 8 प्रतिभाओं श्रीतनु गुरु, अजय गुप्ता, डॉ.रोशन कुमार होता, कु.उन्नति मिश्रा, अपूर्वा गुरु, अनन्या गुरु, नंद किशोर सतपथी एवं निशांत नामदेव को उनकी विशेष उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया। कार्यक्रम के समापन पर मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर झारसुगुड़ा विधायक श्री टंकाधर त्रिपाठी, रायपुर उत्तर विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान, सभापति श्री डिग्री लाल साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री दीपक सिदार, श्री अरूणधर दीवान, श्री गुरूपाल भल्ला, श्री श्रीकांत सोमावार, श्री जगन्नाथ पाणिग्राही, श्री रत्थू गुप्ता, श्री सुभाष पाण्डेय, जिला उत्कल विकास समिति के अध्यक्ष डॉ. प्रकाश मिश्रा सहित समिति के सदस्यगण तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं उपस्थित रहे।