छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी,अप्रैल में ही 43 डिग्री पहुंचा तापमान
Samna.in Chhattisgarh me bhishad garmi छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का सिलसिला शुरू हो चुका है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पूर्व मध्यप्रदेश में बने चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिकाओं के प्रभाव से मौसम शुष्क बना हुआ है।
इसके कारण तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। राजधानी रायपुर सहित कई जिलों में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है।
छत्तीसगढ़ में सामान्य से ऊपर पहुंचा तापमान
प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से दो से चार डिग्री अधिक दर्ज किया जा रहा है। राजनांदगांव में 43.5 डिग्री के साथ सबसे अधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि रायपुर में 42.5 डिग्री दर्ज हुआ। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक बना हुआ है, जिससे रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही। पिछले 24 घंटों में तापमान में एक से दो डिग्री तक वृद्धि हुई है।
छत्तीसगढ़ में ग्रीष्म लहर की चेतावनी
मौसम विभाग ने बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग में 16 से 19 अप्रैल के बीच ग्रीष्म लहर चलने की संभावना जताई है। मध्य क्षेत्र के कुछ हिस्सों में हीट वेव के हालात बन सकते हैं। इस दौरान लू चलने और तापमान सामान्य से काफी अधिक रहने की संभावना है, जिससे स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
बिलासपुर में सामान्य से अधिक तापमान
बिलासपुर में भी गर्मी ने विकराल रूप ले लिया है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक है। यह इस महीने का अब तक का सबसे अधिक तापमान है लगातार छह दिनों से तापमान में वृद्धि हो रही है।

