रायगढ़ कलेक्टर ने अधिक बिजली बिल की शिकायत पर जांच के दिए निर्देश
Samna.in.Raigarhकलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने साप्ताहिक जनदर्शन में जिले के विभिन्न विकासखंडों एवं ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं, शिकायतों एवं मांगों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना।
कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ बिना किसी अनावश्यक विलंब के प्राप्त हो सके।
घरेलू कनेक्शन के बाद भी अधिक बिजली बिल की शिकायत
तहसील पुसौर के ग्राम तड़ोला निवासी अंकुर नंदे ने घरेलू विद्युत कनेक्शन होने के बावजूद लगातार अत्यधिक बिजली बिल आने की शिकायत प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि अधिक राशि का बिजली बिल मिलने से परिवार को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कलेक्टर ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को प्रकरण की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने तथा समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने आवेदन
स्थानीय जगतपुर निवासी रेवती बाई ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को पात्रता का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
अधिग्रहित भूमि के मुआवजे व नौकरी की मांग
तहसील घरघोड़ा निवासी तीर्थराज झरिया ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि उनकी निजी भूमि खसरा नंबर 741/1 रकबा 0.240 हेक्टेयर एसईसीएल द्वारा अधिग्रहित की जा चुकी है तथा भूमि पर खनन कार्य भी किया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक उन्हें भूमि का मुआवजा अथवा रोजगार उपलब्ध नहीं कराया गया है। उन्होंने परिवार के भरण-पोषण के लिए मुआवजा या नियमानुसार नौकरी दिलाने का अनुरोध किया। कलेक्टर ने संबंधित एसडीएम को मामले की विस्तृत जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
दिव्यांग की पेंशन स्वीकृत करने,राशन कार्ड में नाम जोड़ने की मांग
तहसील तमनार के ग्राम कर्रापाली निवासी चैतन गुप्ता ने अपने 90 प्रतिशत दिव्यांग पुत्र के लिए दिव्यांग पेंशन स्वीकृत करने एवं राशन कार्ड में नाम जोड़ने का आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि स्थानीय स्तर पर कई बार आवेदन देने के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग को मामले में शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
नवीन स्कूल भवन और नए बोर खनन की मांग
विकासखंड लैलूंगा के सुदूर वनांचल क्षेत्र गंजपुर के सरपंच ने स्कूली बच्चों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नवीन स्कूल भवन निर्माण की मांग रखी। वहीं जनपद पंचायत कोतरा क्षेत्र के ग्रामीणों ने खराब हो चुके बोरवेल के कारण उत्पन्न पेयजल संकट से अवगत कराते हुए नए बोर खनन की मांग की। कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को स्थल का निरीक्षण कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में इसके अतिरिक्त भूमि एवं राजस्व प्रकरण, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, राशन कार्ड, आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत तथा पेयजल सहित विभिन्न विभागों से जुड़े अनेक आवेदन प्राप्त हुए।



