Raigarh गुम नाबलिग लड़की सारंगढ़ बिलाईगढ़ से बरामद,बहलाकर जम्मू ले गया था आरोपी
Samna.in.Raigarh.Pusaur पुसौर थाना क्षेत्र से लापता हुई 16 वर्षीय नाबालिग लड़की की पतासाजी व सकुशल दस्तयाबी में पुलिस को सफलता मिली है।
पुसौर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बिलाईगढ़ स्थित संदेही युवक के घर दबिश दी,जहां से गुम बालिका को सकुशल दस्तयाब कर लिया गया। वहीं, बालिका को अपने साथ भगाकर ले जाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
18 फरवरी 2026 को 16 वर्षीय नाबालिग लड़की घर में बिना बताए कहीं चली गई थी। परिजनों द्वारा आसपास एवं रिश्तेदारों के यहां तलाश करने के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर 22 फरवरी को थाना पुसौर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने नाबालिग के परिजनों एवं सहेलियों से पूछताछ कर लगातार पतासाजी की। पूछताछ एवं प्राप्त सूचनाओं के आधार पर बालिका के संदेही युवक के साथ जम्मू में होने की जानकारी सामने आई। किशोरी एवं संदेही युवक की पतासाजी के लिए एसआई कुंदन लाल गौर के नेतृत्व में पुसौर पुलिस की टीम जम्मू रवाना की गई।
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि नाबालिग लड़की एवं संदेही युवक जम्मू से वापस सारंगढ़ -बिलाईगढ़ क्षेत्र में आ चुके हैं। सूचना पर तत्काल टीआई हर्षवर्धन सिंह बैस ने थाना की टीम और बालिका के घरवालों के साथ जिला सारंगढ़- बिलाईगढ़ रवाना हुई और संदेही युवक के ठिकाने पर दबिश दी। पुलिस टीम ने आरोपी के कब्जे से 16 वर्षीय नाबालिग बालिका को सकुशल दस्तयाब कर अपने संरक्षण में लिया तथा आरोपी एवं बालिका को थाना पुसौर लाया गया।
बालिका का महिला पुलिस अधिकारी के समक्ष कथन कराया गया। बालिका ने बताया कि आरोपी युवक उसे शादी का प्रलोभन देकर जम्मू ले गया था, जहां मजदूरी करते थे । मामले में आरोपी आयुष केंवट पिता सीता शरण केंवट, उम्र 22 वर्ष, थाना बिलाईगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गुम नाबालिग बालिका की पतासाजी एवं सकुशल दस्तयाबी तथा आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह, उप निरीक्षक कुंदन लाल गौर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक दिव्या बंजारे, प्रधान आरक्षक कृष्ण कुमार गुप्ता, प्रधान आरक्षक बसंत पाण्डेय एवं आरक्षक धनुर्जय चंद बेहरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रायगढ़ पुलिस द्वारा गुमशुदा बच्चों की सकुशल बरामदगी तथा महिलाओं एवं नाबालिगों के विरुद्ध अपराध करने वाले आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी एवं कठोर कानूनी कार्रवाई लगातार जारी है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश- नाबालिग बच्चों की सुरक्षा और उनकी सकुशल वापसी रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। गुमशुदगी की प्रत्येक सूचना पर पुलिस संवेदनशीलता एवं गंभीरता से कार्रवाई कर रही है। बच्चों को बहला-फुसलाकर ले जाने एवं उनके विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।”



