Raigarh सूने मकान में चोरी का प्रयास,रात्रि गश्त में पुलिस ने की वारदात नाकाम,घेराबंदी कर एक आरोपी को पकड़ा
Samna.in.RaigarhCrime News चक्रधरनगर पुलिस की मुस्तैद रात्रि गश्त से छोटे अतरमुड़ा स्थित एक सूने मकान में चोरी की कोशिश नाकाम कर दी गई। पुलिस ने सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और भाग रहे आरोपियों में से एक आरोपी आकाश जायसवाल पिता सेतराम जायसवाल उम्र 31 वर्ष निवासी केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड, शिवा नगर,थाना सिटी कोतवाली रायगढ़ को पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त होंडा एक्टिवा स्कूटी एवं डंडा जब्त किया गया है।
12-13 अगस्त 2026 की दरम्यानी रात चक्रधरनगर पुलिस की रात्रि गश्त टीम में प्रधान आरक्षक महेन्द्र कर्ष, संजय तिवारी एवं आरक्षक सुशील मिंज पेट्रोलिंग पर थे। रात करीब 12:30 बजे मेडिकल कॉलेज से पेट्रोलिंग करते हुए टीम टीवी टावर छोटे अतरमुड़ा के पास पहुंची, जहां मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी कि विनोद कुमार भट्ट के सूने मकान में कुछ चोर घुसे हुए हैं।
सूचना मिलते ही पुलिसकर्मियों ने तत्काल डीएसपी उन्नति ठाकुर, थाना प्रभारी चक्रधरनगर एवं कंट्रोल रूम को सूचना दी और मकान को घेर लिया। मकान अंदर से बंद था तथा अंदर से आवाजें आ रही थीं। पुलिस टीम द्वारा मकान में प्रवेश का प्रयास किया जा रहा था, तभी आरोपियों ने दूसरी ओर की दीवार फांदकर भागने का प्रयास किया। बाहर स्कूटी लेकर मौजूद आरोपी भी फरार होने लगे। पुलिस ने तत्काल आसपास नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान मेडिकल कॉलेज रोड की ओर भागते समय स्कूटी सवार आरोपी गिर गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आकाश जायसवाल को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी मार्शल यादव के साथ टीवी टावर छोटे अतरमुड़ा स्थित बंद मकान में चोरी करने की नीयत से घुसना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि दोनों दीवार फांदकर मकान के अंदर गए और कमरे के दरवाजे में लगे ताले को डंडे से तोड़कर चोरी करने का प्रयास कर रहे थे। आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने तथा घटना में प्रयुक्त सामान पेश करने पर पुलिस ने गवाहों के समक्ष होंडा एक्टिवा स्कूटी एवं डंडा जब्त कर लिया।
मामले में प्रार्थी अनिल भट्ट द्वारा 13 अगस्त 2026 को थाना चक्रधरनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसके बड़े पिताजी के लड़के विनोद कुमार भट्ट का मकान टीवी टावर छोटे अतरमुड़ा में है, जो परिवार सहित 4-5 दिन पूर्व रायपुर गए हुए हैं। रात करीब 12:15 बजे विनोद कुमार भट्ट द्वारा सीसीटीवी से जुड़े मोबाइल एप पर मकान में चोर घुसने की जानकारी मिलने पर परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे। वहां देखा गया कि अज्ञात आरोपियों द्वारा मकान की दीवार फांदकर अंदर प्रवेश कर दरवाजे में लगे ताले को तोड़कर चोरी का प्रयास किया गया था। इसी दौरान पुलिस की मुस्तैद गश्त टीम मौके पर पहुंच गई, जिससे आरोपी चोरी की वारदात को अंजाम देने से पहले ही पकड़े गए।
प्रकरण में थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 401/2026, धारा 331(4), 305(ए), 62, 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी आकाश जायसवाल को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। फरार आरोपी मार्शल यादव की पतासाजी एवं गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक भागीरथी चौधरी, प्रधान आरक्षक महेन्द्र कर्ष, संजय तिवारी, संतोष कुर्रे तथा आरक्षक सुशील मिंज, मिनकेतन पटेल एवं उदय मांझी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश..रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने के साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की सतत नजर है। नागरिकों की सूचना और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से अपराध को घटना से पहले रोकना ही हमारी प्राथमिकता है। अपराधियों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।”*






