संभावित प्रत्याशियों की दूसरी लिस्ट वायरल होते ही बवाल…भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया विरोध…

सामना :- सोशल मीडिया में विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के संभावित प्रत्याशियों की दूसरी लिस्ट सामने आने के बाद से ही भाजपा के कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखी जा रही है। हालांकि वायरल सूची की अभी तक अधिकृत तौर पर पुष्टि नहीं की गई है लेकिन जहां कुछ दिन पहले भाजपा की दूसरी संभावित सूची जारी होने के बाद पहले तो धरसींवा के कार्यकर्ताओं ने संभावित पैराशूट प्रत्याशी का विरोध किया और अब आरंग में भी संभावित पैराशूट प्रत्याशी का विरोध किया जाने लगा है।
यह है मामला:- मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को आरंग के भाजपा कार्यकर्ता हाथों में तख्ती लिए नारेबाजी करते हुए बड़ी संख्या में बीजेपी के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर के लिए रवाना हुए। दरअसल बीजेपी की दूसरी संभावित लिस्ट में आरंग विधानसभा से कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए सतनामी समाज के धर्मगुरु बालदास के बेटे गुरु खुशवंत साहेब का नाम शामिल है।गुरु खुशवंत साहेब भी भाजपा में शामिल होने के बाद से क्षेत्र का सघन दौरा कर भाजपा के लिए प्रचार कर रहें है,लेकिन पार्टी के कार्यकर्ताओ का कहना है कि जिन्होंने लंबे समय से पार्टी के लिए काम किया और कार्यकर्ताओं को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है ऐसे नेता को ही आरंग विधानसभा से टिकट मिलना चाहिए न कि कुछ माह पहले भाजपा में शामिल हुए व्यक्ति को।कार्यकर्ताओ का आरोप है कि जिन्होंने पार्टी के लिए मेहनत किया उन्हें टिकट न मिलना कार्यकर्ताओ के साथ छल होगा।
