June 22, 2025

कलेक्टर अवनीश शरण ने संभाला चार्ज….ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण किया…

IMG_20231014_142306.jpg
Share

सामना:- बिलासपुर जिले के नवपदस्थ कलेक्टर अवनीश शरण ने शनिवार की सुबह कलेक्ट्रेट कार्यालय में पदभार ग्रहण करने के बाद जिला पंचायत के बगल में स्थित वेयरहाउस का निरीक्षण किया। जिला निर्वाचन कार्यालय के निरीक्षण के बाद निर्वाचन की तैयारियों को लेकर कलेक्टर ने संतुष्टि जाहिर की है। पूर्व कलेक्टर संजीव कुमार झा की विदाई के बाद निर्वाचन आयोग ने जिले में नए कलेक्टर के रूप में अवनीश शरण की पद स्थापना कर दी है। शनिवार को पदभार ग्रहण करने के बाद नए कलेक्टर अवनीश शरण ने अतिरिक्त कलेक्टर आर ए कुरुवंशी, निगम आयुक्त कुणाल दुदावत ,एसपी संतोष कुमार सिंह के साथ जिला कार्यालय का निरीक्षण किया। नए कंपोजिट बिल्डिंग परिसर के निर्वाचन कार्यालय में जाकर उन्होंने चुनाव की तैयारी के संबंध में अधीनस्थ अधिकारियों से चर्चा की। इसके बाद कलेक्टर अवनीश शरण ईवीएम वेयरहाउस पहुंचे जहां उन्होंने ईवीएम की कमिश्निंग और अन्य तैयारियां को लेकर अधिकारियों से चर्चा की। निरीक्षण के बाद ग्रैंड न्यूज़ से चर्चा करते हुए कलेक्टर अवनीश शरण ने कहा कि निर्वाचन को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं । उन्होंने कहा कि आयोग के निर्देश के अनुसार सभी अधिकारी कर्मचारी कार्य कर रहे हैं और आगे जैसा निर्देश मिलेगा उसके अनुरूप कार्य किया जाएगा।
ईवीएम वेयरहाउस के बाद कलेक्टर ने जिला पंचायत दफ्तर, कंपोजिट बिल्डिंग परिसर के दफ्तर और अन्य कार्यालय का निरीक्षण किया और अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली। इसके बाद कलेक्टर का काफिला शहर के पोलिंग बूथ का निरीक्षण करने रवाना हो गया। गौरतलब है कि श्री अवनीश शरण पूर्व में बिलासपुर में नगर निगम आयुक्त के तौर पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं और वह जिले सहित शहर से अच्छी तरह वाकिफ है।