नक्सलियों ने जारी किया पर्चा…दंतेवाड़ा के डीआरजी जवानों पर लगाया लूटपाट का आरोप

सामना:- दंतेवाड़ा के डीआरजी जवानों पर नक्सलियों ने गांव में हमला कर लूटपाट का आरोप लगाया है हालांकि नक्सलियों के इन आरोपों को पुलिस ने झूठा बताया है।पश्चिम बस्तर डिवीजन कमेटी के सचिव मोहन ने पर्चा जारी कर आरोप लगाया है कि डीआरजी जवानों ने बैलाडीला की पहाड़ी के नीचे बसे एक गांव पर हमला किया है।
क्या लिखा है पर्चे में:- नक्सलियों की ओर से जारी पर्चे में कहा गया है कि 14 से 17 नवंबर के बीच जवानों की चार टुकड़ी लोहा गांव में घुसी थी,जहां एक ग्रामीण को बंधक बनाकर पिटाई की साथ ही अलग-अलग घरों से लूंगी, भुट्टा, 2 हजार नगदी समेत अन्य सामानों को लूट लिया। गांव के रहने वाले एक युवक ताती उंगा के हाथ-पैर बांधे, पत्थर से मार कर घायल कर छोड़ दिया। मीडियम लच्छू के घर से मवेशियों को बांधने रखे त्रिपाल को लेकर चले गए।वहीं कुंजाम सन्नू के घर से 2 हजार और कुंजाम के घर से 5 हजार रुपए नगदी लूट लिए। ग्रामीणों के इलाज के लिए मितानिनों ने गोलियां दी थी, उसे जवानों ने जला दिया। नक्सली लीडर मोहन ने कहा कि, कुछ ग्रामीणों के घर से 40 किलो भुट्टा, कंबल, लुंगी समेत अन्य सामान की भी लूटपाट की गई। जवानों पर और कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
