निगम-कर्मचारी करेंगे कलमबंद आंदोलन…उठाई 14 सूत्रीय मांगें…

रायगढ़:–14 सूत्रीय मांगों को लेकर निगम के कर्मचारी 3 सितंबर को कलम बंद आंदोलन शुरू करेंगे।केंद्रीय कर्मचारियों को लागू 28% डीए की मांग को लेकर निगम के कर्मचारी भी लामबंद हो गए हैं। वर्तमान में मूल वेतन का 12% डीए राज्य शासन के कर्मचारियों को दिया जा रहा है। लंबे समय से केंद्रीय कर्मचारियों को लागू डीए की मांग की जा रही है, लेकिन राज्य शासन द्वारा इसे लागू नहीं किया जा रहा है। हाल ही में केंद्रीय कर्मचारियों की डीए में बढ़ोतरी की गई है। इसे देखते हुए राज्य शासन के कर्मचारी आक्रोशित हैं। रायगढ़ स्वायत्तशासी संस्था संघ के जिला अध्यक्ष अनिल वाजपेई ने बताया कि केंद्रीय कर्मचारियों के समान डीए देने सहित पदोन्नति, वेतनमान, समय वेतनमान लागू करने संबंधित 14 सूत्रीय मांगों को लेकर निगम के कर्मचारी 3 सितंबर से कलमबंद आंदोलन पर रहेंगे। श्री वाजपेई ने कहा कि इसके बाद भी यदि प्रदेश सरकार द्वारा 28% डीए देने के साथ 14 सूत्रीय मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की जाती है तो इस पर संघ के प्रदेश कार्यकारिणी के निर्देशन में आंदोलन किया जाएगा, जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं होगी, तब तक स्वायत्तशासी संस्था का आंदोलन जारी रहेगा। श्री वाजपेई ने निगम के नियमित सभी कर्मचारी अधिकारियों के साथ प्लेसमेंट कर्मचारियों को भी को आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।
