किसान मोर्चा के जिला महामंत्री ने कांग्रेस सरकार पर लगाए गंभीर आरोप..कहा:- जल्द रोकें कालाबाज़ारी- अन्यथा भाजपा उग्र आंदोलन को मजबूर..

सामना न्यूज़–
घरघोड़ा……गढ़बो नवा छत्तीसगढ़, राजीव गांधी न्याय जैसे भारी शब्द सिर्फ सुनने में अच्छे लगते हैं। धान का कटोरा छत्तीसगढ़ के लिए मॉनसून सबसे बड़ा फसली सीजन होता है और किसानों को इसी समय खाद की सबसे ज्यादा जरूरत होती है। जब यही खाद उन्हें गैर वाजिब दामों पर मिले तो सरकार के इरादों को आप समझ सकते हैं। 2018 में जब सरकार बदली थी तब लगा समझ का फेर है लेकिन 2021 में उसी पुराने कांग्रेसी ढर्रे पर सोसायटियों से खाद गायब कर किसानों को ऊंचे दामों में बाजार से खाद खरीदने के लिए विवश करना एक बड़े खेल का हिस्सा है। नेताओ की भागीदारी से किसानों को छलने का खेल तीन साल से बदस्तूर जारी है।
उक्त बातें भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के जिला महामंत्री राधेश्याम राठिया ने प्रेस विज्ञप्ति
जारी करते हुए कही उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी किसानों के साथ सदैव खड़ी रही है। खाद की कालाबाजारी रोकने के लिए पार्टी ने विभिन्न स्तर पर विरोध-प्रदर्शन किया है। आदिवासी नेता राधेश्याम राठिया सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि अगर स्थानीय विधायक इस कालाबाजारी को यथाशीघ्र नहीं रोकते तो भारतीय जनता पार्टी उग्र आंदोलन करने पर मजबूर होगी। बीते कुछ सप्ताह से जिले में 266 रूपये में मिलने वाला यूरिया खाद का बोरा 600-700 रूपये और डीएपी भी 1200 की जगह 1500 रूपये तक में किसान खरीदने को मजबूर हैं। अखबार इन खाद की कालाबाजारी की सुर्खियों से पटे पड़े हैं। कृषि विभाग के अधिकारी और कांग्रेसी नेताओं का यह गठबंधन भूमिपुत्रों की परेशानी का सबब बना हुआ है।
राधेश्याम राठिया ने कहा कि कांग्रेस सरकार की शह पर पूरे जिले में खाद की कालाबाजारी हो रही है। खेती का आधा सीजन बीत चुका है और ऐसे में करोड़ो की कालाकमाई इन लोगों ने जोड़ ली है। बीते तीन सीजन से हर साल किसानों को खाद के नाम पर परेशान होना पड़ रहा है। रियायती दाम में मिलने वाले खाद को मंहगे दामों में खदीदने के लिए कांग्रेस सरकार मजबूर कर रही है
कहां हैं धरमजयगढ़ विधायक:–?
राधेश्याम राठिया ने आरोप लगाया कि खुद को किसान का बेटा और किसानों का हिमायती बताने वाले धरमजयगढ़ विधायक लालजीत राठिया किसानों को लेकर कभी सामने नहीं आए हैं। जिस समय किसानों को खाद की जरूरत है वह दिल्ली घूम रहे हैं। जब किसान उनसे मिलने जाते हैं तो वह नए कामों का फीता काटने में व्यस्त रहते हैं।
दिल्ली दौड़ जनता देख रही है:–
सूबे के मुख्यमंत्री के लिए कांग्रेसियों ने जो दिल्ली में दरबार लगाया और जनादेश को आलाकमान के चरणों में समर्पित किया उसे लोग देख रहे हैं।। जिस समय तथाकथित किसान प्रेमी नेताओं को किसानों के साथ होना चाहिए तब वह स्वामी भक्ति में लीन हैं। दिल्ली की दौड़ और सारा माजरा जनता देख और समझ रही है।
घरघोड़ा संवाददाता की रिपोर्ट
