ब्रेकिंग न्यूज़:–सीएम भूपेश बघेल के पिता नंदकुमार बघेल की हुई गिरफ्तारी….14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया…

सामना न्यूज़:—छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पिता नंद कुमार बघेल को आगरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।रायपुर के डीडी नगर थाने में नंद कुमार बघेल के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। रायपुर पुलिस ने नंद कुमार बघेल को आगरा से गिरफ्तार किया है। एफआईआर दर्ज होने के बाद से उनकी गिरफ्तारी तय मानी जा रही थी। सीएम बघेल ने केस दर्ज करने का आदेश देने के साथ ही कहा था कि मुख्यमंत्री के रूप में विभिन्न समुदायों के बीच सद्भाव बनाए रखना मेरी जिम्मेदारी है। अगर उन्होंने एक समुदाय के खिलाफ टिप्पणी की है, तो इसका मुझे खेद है। उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी।
दीनदयाल विप्र समाज ने कराई एफआईआर:–
नंद कुमार बघेल के खिलाफ दीनदयाल विप्र समाज के सदस्यों ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। रायपुर में डीडी नगर थाने की प्रभारी योगिता खोपर्डे ने बताया कि दो सितंबर को हमें सर्व ब्राह्मण समाज, सुंदर नगर से शिकायत मिली थी कि नंद कुमार बघेल ने ब्राह्मण समुदाय के खिलाफ टिप्पणी की थी। चार सितंबर को मामला दर्ज किया गया था।
क्या है मामला:—
नंद कुमार बघेल ने पिछले महीने लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में ब्राह्मणों पर टिप्प्णी की थी। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कथित तौर पर कहा था, अब वोट हमारा राज तुम्हारा नहीं चलेगा। हम आंदोलन करेंगे। ब्राह्मणों को गंगा से वोल्गा (रूस की एक नदी) भेजेंगे, क्योंकि ब्राह्मण विदेशी हैं। ब्राह्मण सुधर जाएं या फिर वोल्गा जाने को तैयार हो जाएं।
पहले किताब में की थी आपत्तिजनक टिप्पणी, प्रतिबंधित करना पड़ी थी:–
सीएम भूपेश बघेल के पिता पहले भी ब्राह्मणों के खिलाफ टिप्पणी कर चुके हैं। चुनाव से पहले उन्होंने कहा था कि कांग्रेस को राजस्थानी ब्राह्मणों को टिकट नहीं देना चाहिए। करीब 20 साल पहले उनकी किताब ‘ब्राह्मण कुमार रावत को मत मारो’ ने भी काफी बवाल करवाया था, जिसके बाद सरकार ने इस किताब की बिक्री को प्रतिबंधित कर दिया था।
