नाबालिग से छेड़छाड़ का फरार आरोपी गिरफ्तार, पॉक्सो एक्ट में हुई कार्रवाई
Samna.in Raigarh रायगढ़ जिले के थाना पुसौर पुलिस को नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ करने वाले फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। आरोपी पिछले करीब एक माह से छिप रहा था ।
पीड़िता ने 28 दिसंबर 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि घर से सहेली के साथ स्कूटी से स्कूल जाने के दौरान मनोज खड़िया नामक युवक उसका पीछा कर अश्लील इशारे करता था, जिसे वह अनदेखा करती रही।
27 दिसंबर 2025 को जब पीड़िता अपनी सहेली के साथ बाजार जा रही थी, तभी आरोपी मनोज खड़िया उनके पास आकर मोबाइल नंबर मांगने लगा। बालिका द्वारा मना करने पर आरोपी ने उसका बायां हाथ पकड़कर छेड़छाड़ की। बालिका के विरोध करने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।
पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना पुसौर में अपराध क्रमांक 351/2025 धारा 75(2), 78(1), (1) भारतीय न्याय संहिता एवं 12 पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी की पतासाजी प्रारंभ की गई। आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार था। उसकी गिरफ्तारी के लिए थाना प्रभारी पुसौर रामकिंकर यादव द्वारा मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया था।
आज आरोपी के गांव में मौजूद होने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम द्वारा त्वरित दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया गया। आरोपी मनोज कुमार खड़िया पिता स्वर्गीय उत्तम खड़िया, उम्र 20 वर्ष, निवासी पुसौर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
एसएसपी का संदेश शशि मोहन सिंह- नाबालिगों के विरुद्ध अपराधों में कड़ी एवं त्वरित सजा का प्रावधान है। ऐसे मामलों में पूर्ण संवेदनशीलता के साथ शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि महिला एवं नाबालिगों से संबंधित अपराधों में आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी कर समयसीमा में चालान न्यायालय में प्रस्तुत किया जाए।







