April 8, 2026

सरकारी कर्मचारियों को साल में 6 बार मिलेगी 12 दिनों की विशेष छुट्टी,नहीं कटेगी सैलरी

Screenshot_20260406_191230_Chrome.jpg
Share

छत्तीसगढ़ के सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी किया आदेश

Samna.in छत्तीसगढ़ सरकार ने कर्मचारियों के मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के उद्देश्य से एक अहम निर्णय लिया है। छत्तीसगढ़ के सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश जारी कर कहा है कि सरकारी अधिकारी और कर्मचारी विपश्यना ध्यान शिविर में शामिल होने के लिए अधिकतम 12 दिनों का विशेष अवकाश ले सकेंगे।

सरकार का मानना है कि लगातार काम के दबाव और व्यस्त जीवनशैली के कारण कर्मचारियों में तनाव बढ़ रहा है। ऐसे में ध्यान और साधना के माध्यम से उन्हें मानसिक शांति मिलेगी, जिससे उनकी कार्यक्षमता भी बेहतर होगी।

जारी आदेश के अनुसार, जो कर्मचारी 10 दिन के आवासीय विपश्यना शिविर में भाग लेना चाहते हैं, उन्हें अधिकतम 12 दिन की छुट्टी दी जाएगी। यह अवकाश साल में अधिकतम 6 बार लिया जा सकता है और हर बार इसकी अवधि 12 दिनों से ज्यादा नहीं होगी।

इस दौरान खास बात यह है कि छुट्टी को ड्यूटी माना जाएगा और कर्मचारियों को पूरा वेतन भी मिलेगा। हालांकि, शिविर में भाग लेने के लिए किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता या अतिरिक्त आर्थिक सहायता नहीं दी जाएगी।

अवकाश की मंजूरी संबंधित विभाग के सक्षम अधिकारी द्वारा दी जाएगी, जिससे शासकीय कार्य प्रभावित न हो। छुट्टी लेने के लिए कर्मचारी को आवेदन के साथ विपश्यना केंद्र का प्रवेश पत्र जमा करना होगा और शिविर पूरा होने के बाद भागीदारी प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। इस पूरे समय को अवकाश अवधि के रूप में दर्ज किया जाएगा।