छत्तीसगढ़ में LPG,पेट्रोल/ डीजल आपूर्ति की क्या है स्थिति,शासन ने जारी की रिपोर्ट
Samna.in Chhattisgarh छत्तीसगढ़ में LPG,पेट्रोल/ डीजल आपूर्ति की वास्तविक स्थिति की रिपोर्ट शासन ने जारी की है। जिससे आम जनता के बीच भ्रम की स्थिति निर्मित ना हो।
इस रिपोर्ट में कहा गया है कि पश्चिम एशिया संकट प्रारंभ होने के बाद छत्तीसगढ़ शासन प्रदेश की ईंधन संबंधी आवश्यकताओं की सुगम आपूर्ति के लिए पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय, भारत सरकार के नियमित संपर्क में हैं। भारत सरकार द्वारा एलपीजी, पेट्रोल एवं डीजल की राज्यों में उपलब्धता, नियमित आपूर्ति की साप्ताहिक समीक्षा नियमित रूप से की जा रही है। भारत सरकार द्वारा जानकारी दी गई है कि देश में एलपीजी, पेट्रोल एवं डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा आम उपभोक्ताओं में इसे लेकर कोई भ्रम अथवा अफवाह की स्थिति नहीं होनी चाहिए।
घरेलू एलपीजी की स्थिति
छत्तीसगढ़ में 63.59 लाख घरेलू एलपीजी उपभोक्ता हैं तथा इन्हें वितरित करने के लिए माह मार्च 2026 में एवं वर्तमान माह अप्रैल 2026 में घरेलू एलपीजी की मांग अनुसार आपूर्ति सुनिश्चित हो रही है। माह मार्च 2026 में 35,000 टन घरेलू एलपीजी की आवश्यकता के विरूद्ध 35,073 टन (100%) एवं वर्तमान माह अप्रैल में 19 अप्रैल तक 20,619 टन घरेलू एलपीजी राज्य को प्राप्त हुई है तथा राज्य के सभी 4 एलपीजी बॉटलिंग प्लांट में एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। माह मार्च 2026 के दूसरे सप्ताह में भ्रम एवं अफवाह के कारण औसत दैनिक बुकिंग संख्या 74,000 से बढ़कर 1,30,000 तक हो गई थी, जो वर्तमान में घटकर औसतन 64,000 हो गई है। इससे स्पष्ट है कि प्रदेश में घरेलू एलपीजी की मांग अनुसार आपूर्ति होने से असामान्य बुकिंग में कमी आई है तथा वर्तमान माह अप्रैल 2026 में यह सामान्य स्तर पर आ गई है।
कमर्शियल सिलेंडर की स्थिति
राज्य में कमर्शियल गैस उपभोक्ताओं को वितरित करने हेतु पर्याप्त एलपीजी का स्टॉक उपलब्ध है। माह अप्रैल 2026 में 1533 टन एलपीजी कमर्शियल उपभोक्ताओं हेतु आबंटित की गई है, जिसके विरूद्ध 1745 टन अर्थात 116 प्रतिशत एलपीजी उपलब्ध है एवं 19 अप्रैल 2026 तक 885 टन कमर्शियल एलपीजी उपभोक्ताओं को प्रदाय की जा चुकी है।
छत्तीसगढ़ में डीजल/ पेट्रोल की स्थिति
प्रदेश में संचालित 2465 पेट्रोल / डीजल पंप में तथा 3 ऑयल कंपनियों के डिपो में पर्याप्त पेट्रोल/डीजल का स्टॉक उपलब्ध है। माह मार्च 2026 में प्रदेश की मासिक पेट्रोल आवश्यकता 1.01 लाख किलोलीटर के विरूद्ध 1.27 लाख किलोलीटर (126%) एवं अप्रैल 2026 में 19 अप्रैल 2026 तक 77,942 किलोलीटर पेट्रोल की राज्य को प्राप्ति हुई है। इसी प्रकार मार्च 2026 में प्रदेश की मासिक डीजल आवश्यकता 1.64 लाख किलोलीटर के विरूद्ध 3.00 लाख किलोलीटर (183%) एवं अप्रैल 2026 में 19 अप्रैल 2026 तक 1.17 लाख किलोलीटर डीजल की राज्य को प्राप्ति हुई है। इससे स्पष्ट है कि राज्य में पेट्रोल एवं डीजल की मांग अनुसार आपूर्ति सुनिश्चित हो रही है
छापों में 3946 सिलेण्डर जब्त,105 व्यक्तियों के विरूद्ध FIR
प्रदेश में एलपीजी एवं डीजल / पेट्रोल की जमाखोरी तथा कालाबाजारी को रोकने सभी जिलों आकस्मिक जांच / छापे की कार्यवाही की जा रही है तथा अब तक 419 मारे गये छापों में 3946 सिलेण्डर जब्त किये गये हैं तथा 105 व्यक्तियों के विरूद्ध एफआईआर दर्ज की गई है। राज्य स्तर तथा सभी जिलों में कंट्रोल रूम स्थापित हैं तथा आम उपभोक्ता से शिकायत प्राप्ति हेतु विभागीय कॉल सेंटर (1800-233-3663) भी संचालित है।

