April 26, 2026

Raigarh पारिवारिक गुस्से में बेटे ने मां की हत्या,पिता पर भी हमला का प्रयास,आरोपी गिरफ्तार

20260426_134225.jpg
Share

Samna.in Raigarh पुलिस चौकी रैरूमाखुर्द क्षेत्र में मां की हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी आर्यन दास महन्त (20 वर्ष) के विरुद्ध हत्या का अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है।

घटना के संबंध में ग्राम रैरूमाखुर्द निवासी गणपत दास महन्त ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका छोटा पुत्र आर्यन दास महन्त इस बात से नाराज रहता था कि परिवार उसके भाई-बहनों को उससे अधिक महत्व देता है, जिस कारण उसका व्यवहार परिवार के प्रति खिन्न था। 24 अप्रैल की रात गणपत, उसकी पत्नी फुलबाई महन्त (55 साल) और पुत्र आर्यन दुकान में सोए थे। 25 अप्रैल की सुबह आर्यन शौच से लौटने के बाद अपनी मां को दुकान से बाहर खींचकर जमीन पर गिराया और घर में रखे गोबर फेंकने वाले फावड़े से गर्दन पर लगातार वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फावड़ा लेकर अपने पिता को भी मारने दौड़ा, जिस पर गणपत अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकला और पुलिस को सूचना दी।

         रिपोर्ट पर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक विजय एक्का द्वारा आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 109/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर त्वरित पतासाजी कर आरोपी आर्यन दास महन्त  को हिरासत में लिया गया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त फावड़ा भी जब्त किया गया है।

          एसएसपी  शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  अनिल सोनी एवं एसडीओपी धरमजयगढ़  सिद्दांत तिवारी के मार्गदर्शन में की गई कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक विजय एक्का, प्रधान आरक्षक चिंतामणि कुर्रे एवं हमराह स्टाफ की अहम भूमिका रही।

एसएसपी  शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश : क्षणिक आवेश में किया गया अपराध जीवनभर का पछतावा बन जाता है, कानून ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई करता है, पुलिस आरोपी को सख्त सजा दिलाने का प्रयास करेगी।”*