May 13, 2026

सूने मकान में लाखों के जेवरात चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा, चक्रधरनगर पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

20260513_172236.jpg
Share

Samna.in.Raigarh चक्रधरनगर पुलिस ने सूने मकान में ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से चोरी का माल, नगदी रकम, घटना में प्रयुक्त वाहन तथा अन्य सामग्री बरामद की है।

8 मई को मकान का ताला तोड़कर की गई चोरी

प्रार्थी संतोष कुमार देवांगन, निवासी विनोबा नगर ने थाना चक्रधरनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि 8 मई को वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ रिश्तेदारी में गया था। घर सूना होने का फायदा उठाकर अज्ञात आरोपियों ने मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया, कमरे की खिड़की और अलमारी तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। चोरी गए जेवरातों की कुल कीमत लगभग 70 हजार रुपये बताई गई। रिपोर्ट पर थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 224/2026 धारा:- 331 (4), 305 (ए), बी.एन.एस. पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।

चक्रधरनगर पुलिस के सक्रिय मुखबीर तंत्र से जांच में खुलासा

विवेचना के दौरान मुखबिर सूचना और संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर पुलिस ने आरोपी रोशन सिंह, शिवा सोनी और धरमदास महंत उर्फ प्रेम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म स्वीकार करते हुए चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता कबूल की। आरोपियों के मेमोरेंडम पर सोना जैसा धातु, चांदी जैसे गलाए हुए टुकड़े, नगदी रकम, टूटा हुआ ताला, घटना में प्रयुक्त दोपहिया वाहन क्रमांक टीवीएस एनटॉरक स्कूटी और एक्टीवा वाहन तथा चोरी के सामान को गलाने में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गई।

साक्ष्य मिटाने की साजिश भी उजागर

पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने पुलिस कार्रवाई के डर से चोरी किए गए कुछ सोने के आभूषणों को गलाकर उनका स्वरूप बदल दिया तथा कुछ सामान केलो नदी में फेंककर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया। मामले में संगठित रूप से अपराध करना और साक्ष्य विलोपित करने के पर्याप्त प्रमाण मिलने पर प्रकरण में अतिरिक्त धाराएं धारा 112, 3(5), 238 बी०एन०एस० जोड़ी गई हैं। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

गिरफ्तार आरोपी
1. रोशन सिंह, निवासी विजयपुर, थाना चक्रधरनगर, रायगढ़
2. शिवा सोनी, निवासी विजयपुर, थाना चक्रधरनगर, रायगढ़
3. धरमदास महंत उर्फ प्रेम, निवासी पंजरीप्लांट, थाना चक्रधरनगर, रायगढ़

जब्त सामग्री –
      सोना-चांदी जैसा धातु, नगदी रकम, टूटा ताला, टीवीएस एनटॉर्क स्कूटी, एक्टिवा वाहन तथा धातु गलाने में प्रयुक्त अन्य सामग्री बरामद।

Letest Posts