सुलझी सीतापुर ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी,मामूली विवाद में दोस्त ने की थी युवक की बेरहमी से हत्या
Samna.in.Raigarh कोतरारोडथाना क्षेत्र अंतर्गत 15 मई 2026 को सीतापुर स्थित सामुदायिक शौचालय के पास मिले युवक के शव मामले में पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी अमन कुमार बसोड (21 वर्ष) निवासी भगवानपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी ने अपने ही दोस्त तिलक वर्मा की मामूली विवाद पर बेरहमी से हत्या करना स्वीकार किया है। मामले के खुलासे में कोतरारोड़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी जांच अहम रही।
15 मई 2026 की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि सीतापुर स्थित सामुदायिक शौचालय के सामने खाली जगह पर एक युवक का शव पड़ा हुआ है और हत्या की आशंका है। सूचना मिलते ही एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन पर डीएसपी सुशांतो बनर्जी, थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक शील कुमार आदित्य, एफएसएल एवं डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान भगवानपुर निवासी तिलक वर्मा (21 साल) के रूप में हुई। मृतक के भाई पियूष वर्मा ने बताया कि तिलक 14 मई की रात घर से निकला था और वापस नहीं लौटा। दूसरे दिन उसकी लाश मिलने की सूचना मिली। शव पर सिर और चेहरे में गंभीर चोट के निशान थे। मामले में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 149/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल निरीक्षण, पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया। घटनास्थल पर खून से सने पत्थर और ईंटें मिलीं। मृतक के दोस्तों और परिजनों से पूछताछ में पता चला कि घटना की रात टावर मैदान के पास मृतक तिलक वर्मा और उसके दोस्त अमन बसोड के बीच विवाद और मारपीट हुई थी। घटना के बाद से अमन फरार था, जिससे पुलिस का संदेह उस पर गहराया। थाना प्रभारी द्वारा मुखबिर सक्रिय किए गए थे। इसी दौरान जानकारी मिली कि आरोपी अपनी बहन के घर छातामुड़ा आया हुआ है। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पुराना बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी अमन बसोड ने हत्या करना स्वीकार करते हुए बताया कि 14 मई की रात टावर मैदान में दोनों के बीच सीमेंट पोल तोड़ने की बात को लेकर विवाद हुआ था। मारपीट में उसकी शर्ट फट गई थी, जिस पर तिलक ने उसे अपना टी-शर्ट पहनने को दिया। बाद में गांव के बोरिंग के पास फिर दोनों के बीच झगड़ा हुआ और दोनों घायल भी हुए थे। इसके बावजूद तिलक उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल तक लेकर गया। रात में दोनों बाइक से सीतापुर पहुंचे और शराब तलाशने लगे, लेकिन शराब नहीं मिलने पर सामुदायिक भवन के पास बैठ गए। वहीं पहले घटी घटना बात को लेकर फिर विवाद शुरू हुआ और गुस्से में आरोपी ने पहले अपने हाथ में पहने कड़े से तिलक पर हमला किया, फिर पास पड़ी ईंट उठाकर उसके सिर, गर्दन और शरीर के कई हिस्सों पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी अपने दोस्तों को घटना की जानकारी देकर फरार हो गया था।
कोतरारोड़ पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कड़ा और घटना समय पहने कपड़े जप्त किए हैं। आरोपी अमन बसोड को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेज दिया गया है।
*गिरफ्तार आरोपी – अमन बसोड़ पिता मनहरण बसोड़ उम्र 21 साल निवासी भगवानपुर थाना कोतरारोड़*
एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश —हत्या जैसे गंभीर अपराध कर फरार होने वाले अपराधियों को रायगढ़ पुलिस ऑपरेशन तलाश में गिरफ्तार कर रही है । कानून से बचने की कोई गुंजाइश नहीं है, अपराधियों पर लगातार कड़ी और त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।

