श्री राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला,SBI ने गड़बड़ी को लेकर किया था आगाह,लेकिन ट्रस्ट ने नहीं उठाया कदम
samna.inअयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़े चढ़ावा चोरी मामले में जांच के सिलसिले में पुलिस की एक विशेष टीम स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की अयोध्या धाम शाखा पहुंची।इसी ब्रांच में राम मंदिर ट्रस्ट का मुख्य दान खाता है. पुलिस ने वहां से जरूरी बैंकिंग डेटा जुटाया है. इसके अलावा छह अन्य बैंकों के दफ्तरों का भी दौरा किया गया है। अधिकारी अब बैंक की जमा पर्चियों (डिपॉजिट स्लिप) और बैंक स्टेटमेंट्स का मिलान मंदिर प्रशासन के पास मौजूद दान के मूल रिकॉर्ड से कर रहे हैं. इस वित्तीय डेटा को पुख्ता करने के लिए सीसीटीवी (CCTV) फुटेज, डिजिटल सबूतों, उपस्थिति रजिस्टर और नकद जमा रजिस्टर की भी मदद ली जा रही है। पुलिस ने एसबीआई की नया घाट शाखा के अधिकारियों से भी इस संबंध में लंबी पूछताछ की है
SBI ने पहले ही किया था आगाह
इस पूरे घटनाक्रम के बीच एसबीआई से जुड़े सूत्रों ने एक बड़ा और चौंकाने वाला दावा किया है. सूत्रों के मुताबिक बैंक ने इस संदिग्ध वित्तीय गड़बड़ी को लेकर करीब तीन महीने पहले ही पुलिस और राम मंदिर ट्रस्ट दोनों को लिखित या मौखिक रूप से सचेत कर दिया था, लेकिन हैरान करने वाली बात यह है कि बैंक की इस चेतावनी के बावजूद न तो पुलिस ने और न ही ट्रस्ट ने समय रहते कोई ठोस कदम उठाया. यही नहीं, बैंक प्रशासन तीन महीने पहले ही चढ़ावा (कैश) गिनने वाले कर्मचारियों को वहां से हटाकर बदलना चाहता था, लेकिन आरोप है कि ट्रस्ट से जुड़े कुछ लोगों ने इसकी मंजूरी नहीं दी थी. फिलहाल इन दावों और बैंक से मिले रिकॉर्ड्स के बाद अब इस हाई-प्रोफाइल मामले में कई बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।



