Raigarhआशीर्वाद मेडिकल स्टोर में चोरी का खुलासा,दो नाबालिग हिरासत में
Samna.in.Raigarh चक्रधरनगर पुलिस ने आशीर्वाद मेडिकल स्टोर में हुई चोरी की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो नाबालिगों को हिरासत में लेकर उनके कब्जे से चोरी की रकम बरामद की है। दोनों को किशोर न्याय बोर्ड, रायगढ़ के समक्ष प्रस्तुत कर बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है।
रतन मित्रा निवासी बोईरदादर, रायगढ़ की रिपोर्ट पर थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 332/2026 धारा 331(4), 305(क), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
चक्रधरनगर टीआई राकेश मिश्रा ने तत्काल घटनास्थल एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज का सूक्ष्म विश्लेषण किया तथा तकनीकी एवं मुखबिर सूचना के आधार पर दो किशोर को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने अपने दो अन्य साथियों के साथ 3 जुलाई 2026 की दरम्यानी रात आशीर्वाद मेडिकल स्टोर का ताला तोड़कर दुकान में प्रवेश करना तथा गल्ले में रखी 4,000 की नकदी चोरी करना स्वीकार किया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि चोरी की रकम चारों ने आपस में एक-एक हजार रुपये बांट ली थी।
पूछताछ के दौरान यह भी जानकारी मिली कि चोरी के बाद तीन दोस्त मोटरसाइकिल से जामगांव की ओर घूमने निकले थे। रास्ते में तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के कारण मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें तीनों को चोटें आईं। इनमें दो आरोपी वर्तमान में अस्पताल में उपचाररत हैं,जबकि हिरासत में लिए गए एक नाबालिग को सामान्य चोटें आई थीं।पुलिस ने चोरी की बंटवारे की एक-एक हजार रुपये की नगदी बरामद की।



