September 22, 2026

रायगढ़ में 9 से 17 अगस्त तक चलेगा हर घर तिरंगा अभियान

IMG_20260807_213229

Oplus_131072

Share

हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता और वंदे मातरम् थीम पर होंगे देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम

Samna.in.Raigarh देशभक्ति और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से जिले में 9 से 17 अगस्त 2026 तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का आयोजन किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुपालन में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी द्वारा अभियान के सुचारू एवं प्रभावी संचालन के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए आदेश जारी किया गया है।


यह अभियान ‘हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता, वंदे मातरम थीम पर आधारित होगा। अभियान के दौरान जिले के नागरिकों को अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के सामूहिक एवं व्यक्तिगत गायन के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसका उद्देश्य आमजन में देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देने के साथ राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को मजबूत करना है।

स्थानीय स्तर पर तिरंगा वितरण एवं होंगे विभिन्न कार्यक्रम

अभियान के तहत स्थानीय स्तर पर नागरिकों को तिरंगा उपलब्ध कराने के साथ विभिन्न देशभक्ति एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। संबंधित विभागों एवं स्थानीय प्रशासन द्वारा कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। अभियान के दौरान होने वाली गतिविधियों की सतत निगरानी भी की जाएगी। संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार एवं राज्य शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिले में तिरंगा वितरण, जनभागीदारी तथा विभिन्न गतिविधियों के आयोजन पर विशेष जोर रहेगा, ताकि अधिक से अधिक नागरिक अभियान से जुड़ सकें।

जिला पंचायत सीईओ होंगे नोडल अधिकारी

कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत  अभिजीत बबन पठारे को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी श्यामानंद साहू को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नोडल अधिकारी अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों के समन्वय एवं निगरानी का कार्य करेंगे तथा सहायक नोडल अधिकारी आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे। कलेक्टर द्वारा जारी आदेश तत्काल प्रभाव से प्रभावशील होगा।