मर्डर केस में 15 साल से फरार वारंटी को लैलूंगा पुलिस ने जूटमिल से दबोचा
Oplus_131072
पहचान छिपाकर रह रही थी महिला
Samna.in.Raigarh ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत लैलूंगा पुलिस ने हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा प्राप्त महिला रामबाई चौहान को गिरफ्तार कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया,जहां से जेल वारंट जारी होने पर उसे जेल दाखिल किया गया।
जिला रायगढ़ सत्र प्रकरण में रामबाई चौहान को हत्या के मामले में दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी।हाईकोर्ट के निर्णय के अनुसार मामले में मृतक पार्रू सिदार की मृत्यु गला घोंटने से हुई थी।निचली अदालत द्वारा दी गई दोषसिद्धि को उच्च न्यायालय ने बरकरार रखा। हाईकोर्ट ने अपील खारिज करते हुए अपीलकर्ता को शेष सजा भुगतने के लिए आत्मसमर्पण करने या हिरासत में लिए जाने का निर्देश दिया था।
ऑपरेशन क्लीन हंट के दौरान लंबे समय से फरार वारंटियों की सूची में रामबाई चौहान का नाम शामिल किया गया। थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव ने पुराने रिकॉर्ड, फोटो एवं अन्य जानकारी के आधार पर वारंटी की तलाश शुरू की। जानकारी जुटाने पर उसके जूटमिल क्षेत्र में रहने की संभावना सामने आई। इसके बाद जूटमिल पुलिस की सहायता से क्षेत्र की वोटर लिस्ट एवं अन्य स्थानीय जानकारी का मिलान किया गया। जांच के दौरान ऐसी महिला की पहचान हुई, जिसका वर्तमान रिकॉर्ड उपलब्ध जानकारी से मेल नहीं खा रहा था, लेकिन फोटो मिलान के आधार पर उसकी पहचान रामबाई चौहान के रूप में होने की संभावना मजबूत हुई। पुलिस ने महिला को थाना लाकर पूछताछ की। प्रारंभ में उसने अपनी पहचान से इंकार किया, लेकिन पुलिस द्वारा उपलब्ध तथ्यों एवं वैज्ञानिक तरीके से पूछताछ किए जाने पर उसने स्वीकार किया कि वह वही रामबाई चौहानउम्र करीब 40 वर्ष, मूल निवासी मेढरमार,थाना लैलूंगा,वर्तमान निवासी ट्रांसपोर्ट नगर,सारंगढ़ बस स्टैंड के पास वाल्मीकि-अंबेडकर आवास थाना जूटमिल, जिला रायगढ़ है,जिसे हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा हुई थी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तारी वारंट के परिपालन में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल वारंट पर उसे जेल भेज दिया गया।

