शहर विकास के लिए 63 करोड़ की मांग… खरसिया में प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में महापौर ने मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन….

सामना न्यूज़:-रायगढ़:- महापौर जानकी काटजू ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से शहर विकास के लिए 63 करोड़ रुपए की मांग की साथ ही पार्षदों के आकस्मिक निधन पर परिवार को 5 लाख रुपए सहायता राशि देने की बात कही।
खरसिया में आयोजित शहीद स्वर्गीय नंद कुमार पटेल की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से महापौर जानकी काटजू ने सौजन्य भेंट कर शहर विकास के लिए करीब 63 करोड़ रुपए की मांग की है। इसमें शहर के डामरीकरण सड़क बनाने के लिए 15 करोड़ रुपए, विभिन्न वार्ड के सीसी रोड, आरसीसी नाली, पुल पुलिया, सामुदायिक भवन, बॉक्स कल्वर्ट के लिए 20 करोड़ रूपए, रायगढ़ शहर में मॉडल बस स्टैंड के लिए 20 करोड़ रुपए, नगर निगम क्षेत्र में मिनीमाता गार्डन के लिए 10 करोड़ रुपए, मुक्तिधाम कब्रिस्तान उन्नयन के लिए 3 करोड़ रुपए, शहर के सभी तालाबों के सौंदर्यीकरण के लिए 5 करोड़ और शहर में सभी अंबेडकर आवास मकानों के मरम्मत कार्य के लिए 20 करोड़ रुपए की मांग की है। इसी तरह नगर निगम पार्षदों की आकस्मिक मृत्यु होने पर उनके आश्रित परिवार को 5 लाख रुपए की सहायता राशि देने और नगर निगम के पार्षदों का मानदेय 15 हजार रुपए करने की मांग की है। मांग से संबंधित पत्र मेयर जानकी काटजू ने मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल को सौंपा है, जिस पर मुख्यमंत्री बघेल ने सकारात्मक कार्यवाही करने का आश्वासन दिया है।
पार्षद निधि को 10 लाख रुपए तक बढ़ाने की मांग
मेयर ने पार्षद निधि को 10 लाख तक बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि नगर निगम के विभिन्न वार्ड में सड़क, नाली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य व्यवस्था और विकास कार्य के लिए फंड की जरूरत होती है। वर्तमान में पार्षद निधि 4 लाख रुपए दिए जा रहे हैं। इसे बढ़ाकर 10 लाख रुपए तक करने की मांग की गई।
