May 14, 2026

12-14 आयु वर्ग के किशोरों का कोविड वैक्सीनेशन शुरू..बच्चों में दिखा उत्साह..अब..सभी पीएचसी और सीएचसी में बच्चों को लगेंगे टीके

IMG-20220316-WA0273.jpg
Share

सामना न्यूज़:-रायगढ़:-बुधवार को राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस के अवसर पर जिले में 12-14 आयु वर्ग के किशोरों को कोविड वैक्सीन लगना शुरू हो गया। पहले दिन रामभांठा हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में बच्चों का वैक्सीनेशन हुआ। अब स्वास्थ्य विभाग 50 से अधिक सेंटर इस आयु वर्ग के लिए गुरुवार से खोलेगा।
अनंत सोनी, जिया निषाद और सेजल सोनी तीनों 13 साल के और तीनों दोस्त बुधवार सुबह 9.30 बजे कोविड का टीका लगाने हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर रामभांठा पहुंचे। तीनों ने बारी-बारी से टीका लगवाया और आराम कर चले गए।
इन तीनों बच्चों से उत्साह से ही रायगढ़ जिले में टीकाकरण के प्रति लोगों की जागरूकता को समझा जा सकता है। जिया ने बताया कि 15 से 17 आयुवर्ग के बाद उन्हेंअपनी बारी का इंतजार था | “जैसे ही दो दिन पहले पता चला कि हमें भी टीका लगेगा तो हम तीनों ने अपने-अपने घर में बताया और टीका लगवाने आ गए। हम पास में ही रहते हैं तो पालकों ने रोका-टोका नहीं। टीका लगवाने में न तो डर लगा न लगवाने के बाद कुछ हुआ।”

क्या कहते हैं जिला टीकारण अधिकारी डॉ. भानू पटेल:–गुरुवार से जिले के सभी 53 पीएचसी और नौ सीएचसी में भी 12-14 आयुवर्ग के किशोरों का वैक्सीनेशन होगा। हमारे पास इस आयुवर्ग के लिए 60 हजार डोज उपलब्ध करा दी गई है जिसे सभी 10 ब्लॉकों में बांट दिया गया है। वैक्सीन की पर्याप्त उपलब्धता है। अभी स्कूल जाकर टीकाकरण करने का निर्देश नहीं मिला है। पालकों से अपील है कि वह अपने बच्चों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर कोविड का टीका जरूर लगवाएं।”

स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 15 मार्च तक जिले में 15-17 आयु वर्ग के 88.78 प्रतिशत बच्चों को कोविड टीके का पहला डोज और 55.21 प्रतिशत बच्चों को दूसरा डोज लग चुका है। कुल 93,351 बच्चों में से 82,905 बच्चों ने पहला 51,705 बच्चों ने दूसरा डोज लिया है। जिसमें सर्वाधिक खरसिया ब्लॉक है जहां 103 प्रतिशत बच्चों ने पहला और 56 प्रतिशत ने दूसरा डोज लिया है। सबसे कम घरघोड़ा ब्लॉक में 73.3 ने पहला और 43.9 प्रतिशत बच्चों ने दूसरा डोज टीका लगवाया है।

ब्लॉकवार टीकाकरण की स्थिति:-
15-17 आयु वर्ग में 15 मार्च तक तमनार में 6,128 टीनएजर्स में 5,682 (92.7 प्रतिशत) को पहला और 4,228 (69 प्रतिशत) को दूसरा, लोईंग में 10,328 में 10,323 (100 प्रतिशत) को पहला और 5,393 (52.2 प्रतिशत) को दूसरा, बरमकेला में 9,064 में 8,715 (96 प्रतिशत) को पहला और  7,108 (78 प्रतिशत) को दूसरा, पुसौर में 8,481 में से 7,710 (90.9 प्रतिशत) को पहला और 6200 (73.1 प्रतिशत) को दूसरा, रायगढ़ शहरी क्षेत्र में 9,991 में 9,648 (96.6 प्रतिशत) को पहला व 6,505 (65.1 प्रतिशत) को दूसरा, सारंगढ़ में 14,487 टीनएजर्स में से 11,896 (82.1 प्रतिशत) को पहला और 5,465 (37 प्रतिशत) को दूसरा, धरमजयगढ़ के 12,762 में से 9,935 (77.9 प्रतिशत)  को पहला और 5,303 (41.6 प्रतिशत) को दूसरा, लैलूंगा के 8,045 में से 5,922 (73.6 प्रतिशत) और 4024 (50 प्रतिशत) को दूसरा टीका लग गया है।

49,000 से अधिक को लगा प्रीकॉशनरी डोज़
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 15 मार्च तक प्रीकॉशनरी डोज जिले में कुल 49,173 लोगों को लगाया गया है जिसमें 9,926 हेल्थ वर्कर्स 9,315 फ्रंट लाइन वर्कर्स और 29,932 लोग 60 साल की आयु से अधिक के हैं। रायगढ़ शहर के 1,551 हेल्थ वर्कर्स 1,828 फ्रंटलाइन वर्कर्स और 2,593 लोग 60 साल से अधिक के हैं इस तरह 5,972 लोगों को प्रीकॉशनरी डोज रायगढ़ शहर में लगा है।

Letest Posts