राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर कॉंग्रेस नेता के बयान से भाजपा हुई आक्रामक.. रैली निकाल पहुंचे थाने….दर्ज कराई शिकायत…

सामना न्यूज़:-रायगढ़:-लोकसभा में कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी द्वारा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपत्नी कहकर संबोधित करने के मामले में भाजपा ने आक्रामक रुख अख्तियार कर लिया है। इसे कांग्रेस की धृष्टता की पराकाष्ठा बताते हुए आज रायगढ़ भाजपा द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया साथ ही रैली निकाल थाने कोतवाली पहुंचे जहां उन्होंने थाना प्रभारी मनीष नागर को आवेदन सौंप कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी के ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज कराई।
भाजपा नेताओ ने आरोप लगाते हुए कहा कि राष्ट्रपति का अपमान भारत राष्ट्र का अपमान है,भारत राष्ट्र की नारी शक्ति का अपमान है। भारत के 130 करोड़ नागरिकों का अपमान है और भारत के करोड़ों जनजाति नागरिकों सहित सारी दुनिया के जनजाति समाज का अपमान है। कांग्रेस नेता का यह कृत्य क्षमा के योग्य नहीं है। कांग्रेस द्वारा आदिवासी अस्मिता पर चोट पहुंचाने के खिलाफ हमने विरोध दर्ज किया है।
रायगढ़ भाजपा जिलाध्यक्ष उमेश अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस नेता ने देश के प्रथम नागरिक और देश के संवैधानिक प्रमुख तथा भारत की प्रथम आदिवासी राष्ट्रपति का अपमान किया है। यह भारत का अपमान है भारत के जनजाति समाज का अपमान है। कांग्रेस हमेशा से जनजाति समाज का हितैषी होने का ढोंग करती रही है और अब लोकसभा में उसके नेता अधीर रंजन ने यह साबित कर दिया है कि कांग्रेस आदिवासी समाज के बारे में क्या नजरिया रखती है।बहरहाल कांग्रेस सांसद अधीर रंजन ने इस मामले में माफी मांगने से साफ इंकार कर ट्वीट किया है कि वह इसके लिए माफी नहीं मांगेंगे क्योंकि ऐसा गलती से उनके मुँह से निकल गया था।

