पांच दिवसीय हड़ताल के अंतिम दिन अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन रैली निकाल मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन… मांगे पूरी नहीं हुई तो करेंगे अनिश्चितकालीन हड़ताल…

सामना न्यूज़:-रायगढ़:-अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन के तहत 5 दिवसीय हड़ताल पर रहे कर्मचारियों ने आज अंतिम दिन रैली निकाल कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौपा। केंद्र के बराबर डी ए व गृह भाड़ा भत्ता देने की मांग को लेकर अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन के बैनर तले शासकीय कर्मचारी 5 दिवसीय हड़ताल पर थे। हड़ताल के दौरान जहां सभी शासकीय कार्यालय व स्कूलों में काम काज ठप्प रहा वही कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर मिनी स्टेडियम में धरना दे रहे थे। आज हड़ताल के अंतिम दिन कर्मचारियों ने विशाल रैली निकाली जो मिनी स्टेडियम से निकलकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट पंहुची जहां डिप्टी कलेक्टर डिगेश पटेल को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौपा गया। कर्मचारियों का कहना है कि बढ़ती महंगाई को देखते हुए मुख्यमंत्री सहित सभी विधायकों ने अपने मानदेय में बढ़ोतरी कर ली लेकिन अधिकारी व कर्मचारी के विषय मे कोई विचार नही किया गया। उनकी मांग पूरी नही होती है तो आगे अनिश्चितकालीन हड़ताल करने की कर्मचारी संघ ने बात कही है।

