कौन हैं रायगढ़ जिले के राजा देवेंद्र प्रताप सिंह जिन्हें भाजपा ने बनाया उम्मीदवार

Samna:- भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने राज्यसभा चुनाव के लिए अपने 14 उम्मीद्वारों की सूची जारी कर दी है जिसमे छत्तीसगढ़ से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार के रुप में देवेन्द्र प्रताप सिंह को उम्मीदवार चुना है। पिछले लोकसभा चुनाव में देवेंद्र प्रताप सिंह को लोकसभा का टिकट दिए जाने की चर्चा थी। देवेंद्र प्रताप सक्रियता से बीजेपी के लिए काम करते रहे हैं।
कब है राज्यसभा चुनाव:- छत्तीसगढ़ की एक राज्यसभा सीट पर 27 फरवरी को वोटिंग होगी और इसी दिन नतीजे आएंगे। नामांकन पत्रों की जांच की तारीख 16 फरवरी है। उम्मीदवार 20 फरवरी तक नाम वापस ले सकेंगे।
कौन हैं देवेंद्र प्रताप सिंह:- रायगढ़ जिले के रहने वाले देवेंद्र प्रताप का ताल्लुक रायगढ़ राज परिवार से है। देवेन्द्र प्रताप सिंह रायगढ़ के तत्कालीन गोंड शाही परिवार के वंशज और रायगढ़ जिले के लैलूंगा से मौजूदा जिला पंचायत सदस्य हैं।वह रेल मंत्रालय की रेलवे हिंदी सलाहकार समिति के सदस्य भी हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सक्रिय सदस्य सिंह शास्त्रीय नृत्य और संगीत के दिग्गज रहे दिवंगत राजा चक्रधर सिंह के पोते हैं।
राजनैतिक सफर:- राजा देवेंद्र प्रताप सिंह काफी समय से राजनीति में सक्रीय है।साल 2005-2006 में वे छत्तीसगढ़ प्रदेश अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश मंत्री बने. साल 2008 में वे बीजेपी छत्तीसगढ़ की प्रदेश कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य रहे. साल 2011-2012 में वे अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिला रायगढ़ के अध्यक्ष रहे. साल 2011 में वे राष्ट्रीय कार्यकारिणी अ.ज.जा. मोर्चा दिल्ली में विशेष आमंत्रित सदस्य बने।
शिक्षा और पेशा:- राजा देवेंद्र प्रताप सिंह ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा रायपुर स्थित राजुकुमार कॉलेज से पूरी की, वहीं सेन्ट स्टीफन कॉलेज दिल्ली से उन्होंने बी.ए. में स्नातक किया है और इतिहास में एम.ए. किया है. वर्तमान में उनके पास (पेट्रोल पंप) भारत पेट्रोलियम रायगढ़ का डिलर रिटेल आउटलेट है. इसके अलावा वे कृषि के काम से भी जुड़े हुए है।
छत्तीसगढ़ के पांच राज्यसभा सदस्यों में पांडे के अलावा अन्य चार सदस्य कांग्रेस के केटीएस तुलसी, फूलोदेवी नेताम, रंजीत राजन और राजीव शुक्ला हैं। इसमें सरोज पांडे का कार्यकाल अप्रैल महीने मे समाप्त होने वाला है उनकी जगह बीजेपी ने देवेंद्र प्रताप सिंह को जगह दी है।
