डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने सहसपुर लोहारा में 48 लाख रुपए के एसडीएम कार्यालय भवन का किया लोकार्पण,लोहारा कॉलेज को दी 50 लाख के विकास कार्यों की सौगात
Samna.inकबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा विकासखंड में प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाने और नागरिकों को बेहतर शासकीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने आज 48 लाख रुपए की लागत से एसडीएम कार्यालय नवीन भवन का लोकार्पण किया।
नए भवन के शुरू होने से अनुविभागीय स्तर पर प्रशासनिक कार्यों के संचालन को बेहतर सुविधा मिलेगी और क्षेत्र में शासकीय सेवाओं की व्यवस्था को अधिक सुगम बनाने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार क्षेत्र के चहुंमुखी विकास और आम नागरिकों को बेहतर शासकीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। राजस्व संबंधी मामले सीधे आम जनता से जुड़े होते हैं, इसलिए इनके निराकरण में समयबद्धता और पारदर्शिता बेहद जरूरी है।
उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने अधिकारियों – कर्मचारियों से कहा कि वे स्वयं को जनता का सेवक मानकर अपने दायित्वों का निर्वहन करें। कार्यालयों में आने वाले प्रत्येक नागरिक के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और उनके कार्य समय पर पूरे हों। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग के मैदानी कार्यों की नियमित समीक्षा की जा रही है, ताकि जनसामान्य को अनावश्यक परेशानी न हो। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार पूरी ईमानदारी से कार्य कर रही है और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार का उद्देश्य है।
उन्होंने बताया कि कवर्धा में बिलासपुर रोड और रायपुर रोड से शहर के भीतर प्रवेश करने वाले मार्गों पर 54 करोड़ रुपए की लागत से फोरलेन सड़क निर्माण का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसके साथ ही माता विंध्यवासिनी मंदिर और बूढ़ा महादेव मंदिर के विकास पर भी काम किया जा रहा है। महामाया मंदिर चौक से समनापुर तक सड़क चौड़ीकरण निर्माण कार्यों से क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाने में मदद मिलेगी।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि एसडीएम कार्यालय परिसर में बनाए गए किसान सदन में नागरिकों और किसानों के बैठने के लिए बेहतर व्यवस्थाएं की गई हैं। यहां टेलीविजन, आरामदायक कुर्सियां, वाटर कूलर की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, ताकि कार्यालय आने वाले किसानों को इंतजार के दौरान असुविधा न हो।
लोहारा कॉलेज को दी 50 लाख के विकास कार्यों की सौगात
30 लाख के अतिरिक्त कक्ष का किया भूमिपूजन, बाउंड्रीवॉल और बालिका शौचालय के लिए 20 लाख रुपए की घोषणा की
विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और उच्च शिक्षा के लिए अधोसंरचना मजबूत करने की दिशा में उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने आज कबीरधाम जिले के शासकीय गजानंद माधव मुक्तिबोध महाविद्यालय, सहसपुर लोहारा में 30 लाख रुपए की लागत से बनने वाले अतिरिक्त कक्ष का भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने महाविद्यालय में 15 लाख रुपए की लागत से बाउंड्रीवॉल तथा 5 लाख रुपए की लागत से बालिका शौचालय निर्माण कराने की घोषणा की।
उप मुख्यमंत्री ने युवा शक्ति संवाद में विद्यार्थियों को यह संदेश दिया कि युवा अपने लक्ष्य तय करें, अनुशासन में रहें और परिणाम की चिंता छोड़ मेहनत पर ध्यान दें। आधुनिक तकनीक सीखें, लेकिन उसके अधीन न हों। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कॉलेज करियर बनाने का महत्वपूर्ण केंद्र है। विद्यार्थियों को अनुशासन, मेहनत और स्पष्ट लक्ष्य के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
आधुनिक शिक्षा के साथ अपना ज्ञान और कौशल बढ़ाना जरूरी
तकनीक और नवाचार पर बात करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के युवाओं को आधुनिक एआई टूल्स जैसे चैटजीपीटी, क्लॉड, परप्लेक्सिटी और सोशल मीडिया की तकनीकी समझ होनी चाहिए। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे इन तकनीकों का सही उपयोग कर इनका मास्टर बनें, न कि तकनीक को खुद का मास्टर बनने दें। आधुनिक तकनीक की समझ के साथ अपना ज्ञान और कौशल बढ़ाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि मेहनत और तैयारी हमारे हाथ में हैं, इसलिए परिणाम की चिंता करने के बजाय प्रयासों पर ध्यान देना चाहिए। निरंतर अभ्यास, अनुशासन और धैर्य से ही सफलता का रास्ता बनता है। उन्होंने महाविद्यालय को विद्यार्थियों का अपना संस्थान बताते हुए कहा कि जिस तरह दीपावली पर हम अपने घर को संवारते हैं, उसी तरह विद्यार्थियों और शिक्षकों को मिलकर कॉलेज को बेहतर बनाने में योगदान देना चाहिए
