August 5, 2025

Gharghoda- ट्रेलर चालक से लूटपाट के 3आरोपी गिरफ्तार,लूट की रकम बरामद

IMG-20240925-WA0944.jpg
Share

सामना – रायगढ़- घरघोड़ा पुलिस ने ट्रेलर चालक से लूटपाट करने वाले 3आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में रिमांड पर भेजा गया है।आरोपियों से लूट की रकम भी बरामद कर ली गई है।


थाना घरघोड़ा में ट्रेलर वाहन चालक दीपक कुमार विष्वकर्मा, ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए जानकारी दी कि वह एम.एल.पी.एल. कंपनी रायगढ़ में ट्रेलर वाहन चालक था। 23 सितंबर को वह बरौद माइन से कोयला लोड कर टी.आर.एन. कंपनी भेंगारी में खाली कर, खाली ट्रेलर को अडानी कंपनी तमनार लेकर जा रहा था। रात लगभग 2 बजे (24 सितंबर) शैतान चौक, घरघोड़ा के पास तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उसकी गाड़ी को रोककर, गाड़ी में घुसकर हाथ-मुक्का से मारपीट की और उसके पर्स से 15,000 की लूट कर फरार हो गए।

         इस घटना पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 283/2024 के तहत धारा 309(4), 3(5) बी.एन.एस. के तहत अज्ञात आरोपियों पर मामला पंजीबद्ध कर जांच प्रारंभ की गई। मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार चोट सामान्य होने के कारण धारा 309(4) बी.एन.एस. को हटाकर धारा 126(2), 309(6) बी.एन.एस. को जोड़ा गया।


         मुखबिर की सूचना और त्वरित कार्रवाई के फलस्वरूप संदेही विवेक पैंकरा उर्फ बिट्टु, संजु पैंकरा और दिलीप निषाद, तीनों निवासी नावापारा, घरघोड़ा को हिरासत में लिया गया। आरोपियों से पूछताछ के बाद कार्यपालिक दण्डाधिकारी के समक्ष पीड़ित वाहन चालक द्वारा विधिवत पहचान कराई गई, जिसमें उन्होंने आरोपियों की पहचान स्पष्ट रूप से की।

             पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट की रकम में से 10,500 बरामद किया।  पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर तीनों आरोपियों (1) विवेक पैंकरा उर्फ बिट्टु, उम्र 20 वर्ष (2) संजु पैंकरा, उम्र 25 वर्ष (3) दिलीप निषाद, उम्र 28 वर्ष को गिरफ्तार कर न्यायालय में रिमांड पर भेजा गया है।