आज लगेगा साल का आखिरी पूर्ण चंद्र ग्रहण

सामना – भाद्रपद पूर्णिमा की रात 7 सितंबर 2025 को इस साल का आखिरी पूर्ण चंद्र ग्रहण लगने जा रहा है। यह ग्रहण भारत सहित विश्व के कई देशों में दिखाई देगा। ज्योतिष और खगोल विज्ञान दोनों दृष्टिकोण से यह खास माना जा रहा है।
पंचांग के अनुसार, चंद्र ग्रहण का आरंभ रात 9 बजकर 58 मिनट पर होगा। इसका मध्य काल रात 11 बजकर 41 मिनट पर रहेगा और समाप्ति रात 1 बजकर 27 मिनट पर होगी। इस तरह यह ग्रहण कुल मिलाकर करीब 3 घंटे 28 मिनट तक चलेगा।
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार चंद्र ग्रहण से 9 घंटे पहले सूतक काल शुरू हो जाता है। इस बार सूतक काल दोपहर 12 बजकर 59 मिनट से प्रारंभ होकर ग्रहण समाप्ति तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान किसी भी प्रकार का शुभ कार्य, यात्रा, धार्मिक आयोजन या भोजन बनाना वर्जित माना जाता है। सूतक काल से सभी मंदिरों के पट बंद हो जाएंगे।
7 सितंबर को लगने वाला यह पूर्ण चंद्र ग्रहण धार्मिक और ज्योतिषीय दृष्टिकोण से खास महत्व रखता है। जहां एक ओर यह खगोलीय घटना है, वहीं दूसरी ओर यह श्रद्धालुओं और ज्योतिष प्रेमियों के लिए आस्था का विषय भी है। यह ग्रहण पूर्ण चंद्र ग्रहण होगा। इस ग्रहण के दौरान चंद्रमा पूरी तरह धरती की छाया में आ जाएगा। जब चंद्रमा पूरी तरह से धरती की छाया में होता है, तो उसका रंग हल्का लाल या नारंगी हो जाता है। जिस वजह से इसे ब्लड मून कहते हैं। पंचांग के अनुसार 7 सितंबर को रात्रि 11 बजे से ब्लड मून दिखने लगेगा।
भारत के इन शहरों में दिखेगा चंद्र ग्रहण: 7 सितंबर को लगने वाला चंद्र ग्रहण देश के ज्यादातर हिस्सों में दिखाई देगा। दिल्ली, चंडीगढ़, जयपुर, लखनऊ, मुंबई, अहमदाबाद, पुणे, चेन्नई, बेंगलुरु, हैदराबाद, कोच्चि, कोलकाता, भुवनेश्वर, गुवाहाटी, भोपाल, नागपुर और रायपुर जैसे बड़े शहरों के अलावा भी देश के कई अन्य हिस्सों में यह ग्रहण साफ नजर आएगा।

