May 28, 2026

किराना दुकान की आड़ में नशे का कारोबार, नाबालिगों को सोल्यूशन ट्यूब बेचने वाला दुकानदार गिरफ्तार

20260528_130631.jpg
Share

Samna.in.Raigarh रायगढ़ जिले में नशे के विरुद्ध चलाया जा रहा ऑपरेशन आघात के तहत थाना जूटमिल ने कार्रवाई करते हुए नशे के कारोबार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की।

एक दिन पूर्व थाना कोतवाली पुलिस द्वारा नाबालिग बच्चों को नशे के लिए सोल्यूशन ट्यूब बेचने वाले युवक को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता एवं जेजे एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी।

जेल कॉम्प्लेक्स स्थित किराना दुकान में सोल्यूशन ट्यूब बेचने पर जूटमिल पुलिस की रेड कार्रवाई

जानकारी के मुताबिक जूटमिल पुलिस को सूचना मिली थी कि केलो पुल के पास जेल कॉम्प्लेक्स स्थित संतोष किराना दुकान में किराना सामान के साथ MAXO BOND ADHESIVE सोल्यूशन ट्यूब रखकर छोटे-छोटे नाबालिग बच्चों को नशे के लिए बेचा जा रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनवकांत सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम द्वारा छापेमार कार्रवाई की गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो 2-3 नाबालिग लड़के कपड़े में सोल्यूशन लगाकर नशा करते मिले, जो पुलिस को देखकर भाग गए।

         दुकान संचालक ने अपना नाम संतोष वाधवानी पिता स्व. रमन दास वाधवानी उम्र 57 वर्ष निवासी पंचवटी नगर बोईरदादर थाना चक्रधरनगर जिला रायगढ़ बताया। गवाहों की उपस्थिति में दुकान की तलाशी लेने पर एक एल्यूमिनियम डिब्बे से MAXO BOND ADHESIVE कंपनी के 50 एमएल के 13 नग तथा 10 एमएल के 39 नग सोल्यूशन ट्यूब एवं बिक्री रकम 450 रुपये (कुल 1555 रूपये) बरामद की गई। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह नाबालिग बच्चों को प्रिंट रेट से अधिक कीमत पर सोल्यूशन बेचता था, जबकि उसे यह जानकारी थी कि बच्चे इसका उपयोग नशे के रूप में कर रहे हैं। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 77 जेजे एक्ट तथा धारा 123, 275 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है।