June 10, 2026

दुष्कर्म,ब्लैकमेलिंग और सोशल मीडिया में अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने वाला आरोपी गिरफ्तार

20260610_145104.jpg
Share

बिलासपुर के सिक्योरिटी गार्ड ने पुलिसकर्मी बनकर महिला को दिया झांसा

Samna.in.Raigarh बिलासपुर में सिक्युरिटी गार्ड का काम करने वाले युवक ने रायगढ़ की महिला को झांसे में लेकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया और उसके अंतरंग फोटो विडियो इंस्टाग्राम में अपलोड करने वाले आरोपी को चक्रधरनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज दिया है।

कोरबा रेलवे स्टेशन में हुई थी पहचान, पुलिसकर्मी होने का किया था दावा

पीड़ित महिला ने बताया कि आरोपी अक्षय कुम्हारानी उसे पुलिस में जॉब करना कहकर अपनी वर्दीवाली फोटो दिखाकर विश्वास में लिया था जबकि वह वर्दी सिक्योरिटी गार्ड की थी, जब वह गार्ड की नौकरी करता था।महिला बताया कि मार्च 2026 में कोरबा एक धार्मिक कार्यक्रम में गई थी, जहां कोरबा रेलवे स्टेशन में उसकी मुलाकात बिलासपुर निवासी अक्षय कुमार कुम्हरानी से हुई थी। आरोपी ने उसका मोबाइल नंबर लेकर बातचीत शुरू की और स्वयं को पुलिस विभाग में कार्यरत बताते हुए वर्दीधारी तस्वीरें साझा कर उससे विवाह करने की इच्छा जताई।

शादी का वादा कर शारीरिक संबंध,गुप्त रूप से रिकॉर्ड किए फोटो-वीडियो

महिला ने बताया कि अक्षय को उसके गांव में अकेले रहने की जानकारी हुई तो आरोपी उसके गांव पहुंचा और शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध स्थापित किया। इसी दौरान आरोपी ने महिला की जानकारी के बिना मोबाइल फोन से उसके अंतरंग फोटो और वीडियो बना लिए।

मेकाहारा रायपुर में इलाज के दौरान भी किया उत्पीड़न

पीड़िता ने बताया कि 7 मई 2026 को वह अपनी मां के उपचार के लिए रायपुर स्थित मेकाहारा अस्पताल गई थी। वहां आरोपी भी पहुंचा और उसे घूमाने के बहाने अपने साथ ले गया। इसी दौरान उसने महिला को उसके अश्लील फोटो-वीडियो अपने पास होने की जानकारी देते हुए संबंध बनाए रखने का दबाव बनाया और विरोध करने पर उन्हें वायरल करने की धमकी दी।

सोशल मीडिया पर वायरल कर जान से मारने की धमकी देकर करता रहा ब्लैकमेल

महिला ने रिपोर्ट में बताया कि आरोपी ने 27 मई 2026 को उसके अश्लील फोटो एवं वीडियो इंस्टाग्राम और फेसबुक पर अपलोड कर दिए। इसके अलावा व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम के माध्यम से अश्लील संदेश भेजकर जान से मारने की धमकी देते हुए लगातार ब्लैकमेल करता रहा।

दुष्कर्म एवं आईटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज

     पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 273/2026 दर्ज कर आरोपी के विरुद्ध धारा 69, 296, 351(3) भारतीय न्याय संहिता तथा धारा 66-ई, 67 एवं 67-ए आईटी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

एसएसपी के निर्देशन में चक्रधरनगर पुलिस और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई
    मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन पर तत्काल थाना चक्रधरनगर एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित कर आरोपी की तलाश की गई। रायगढ़ में आरोपी के होने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया।

आरोपी से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त
           गिरफ्तार आरोपी अक्षय कुमार कुम्हरानी पिता संतराम कुम्हरानी, उम्र 31 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 02, सड़कपारा डोडकी, थाना मस्तुरी, जिला बिलासपुर (छत्तीसगढ़) के कब्जे से घटना में प्रयुक्त रियलमी सी-3 मोबाइल फोन बरामद कर जब्त किया गया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

कार्रवाई में थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा, प्रधान आरक्षक एन. बालचंद राव, जेनिपा पन्ना, आरक्षक विक्रम सिंह, साइबर सेल के आरक्षक पुष्पेन्द्र जाटवर एवं मनोज पटनायक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।