Raigarh-17वर्षीय किशोरी को बेचने की साजिश में शामिल फरार आरोपी जशपुर से गिरफ्तार
Samna.in.Raiharh17वर्षीय किशोरी को बेचने की साजिश में शामिल फरार आरोपी को धरमजयगढ़ पुलिस ने जशपुर से गिरफ्तार कर लिया है।
ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत धरमजयगढ़ पुलिस ने मानव तस्करी के गंभीर प्रकरण में लगभग चार वर्ष से फरार चल रहे आरोपी रामा चौहान को जिला जशपुर के ग्राम जोराडोल से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
चार साल पहले हुई थी घटना
28 जून 2022 को थाना धरमजयगढ़ में एक 17 वर्षीय बालिका के गुम होने की रिपोर्ट उसके पिता द्वारा दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट में बताया गया था कि लड़की 23 जून की शाम घर से बिना बताए कहीं चली गई थी। परिजनों द्वारा रिश्तेदारों एवं आसपास के क्षेत्रों में तलाश करने के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका व्यक्त करते हुए थाना धरमजयगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इस पर अपराध क्रमांक 109/2022दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
किशोरी को 20 हजार में बेचने की थी साजिश
विवेचना के दौरान अपहृत बालिका को मध्यप्रदेश के अनुपपुर में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा ट्रेन में दो संदिग्ध व्यक्तियों हीरालाल चौहान एवं देवलाल तिग्गा के साथ बरामद किया गया। सूचना मिलने पर धरमजयगढ़ पुलिस ने बालिका को सुरक्षित दस्तयाब किया। पूछताछ एवं विवेचना में सामने आया कि आरोपीगण ने अपने अन्य साथियों रामपाल यादव एवं रामा चौहान के साथ मिलकर बालिका को बहला-फुसलाकर राजस्थान ले जाकर शादी कराने के नाम पर 20,000 में बेचने की साजिश रची थी। प्रकरण में साक्ष्यों के आधार पर मानव तस्करी सहित अन्य गंभीर धाराएं 343,365,370,370 (ए), 120 (बी) भा.द.वि.जोड़ी गईं।
दो आरोपी हुए थे गिरफ्तार
इस मामले में वर्ष 2022 में ही आरोपी हीरालाल चौहान, देवलाल तिग्गा एवं रामपाल यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया था, जबकि आरोपी रामा चौहान लगातार फरार चल रहा था। उसके विरुद्ध धारा 173(8) CrPC के तहत न्यायालय में गिरफ्तारी शेष अभियोग पत्र भी प्रस्तुत किया गया था।
तीसरा फरार आरोपी जशपुर से गिरफ्तार
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन पर ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत फरार आरोपियों की लगातार तलाश के दौरान धरमजयगढ़ पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी रामा चौहान अपने गृहग्राम जोराडोल, जिला जशपुर आया हुआ है। सूचना पर थाना प्रभारी धरमजयगढ़ निरीक्षक राजेश जांगड़े के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी :
रामा चौहान पिता शिवनंदन चौहान, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम जोराडोल, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर (छत्तीसगढ़)।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन एवं एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्दांत तिवारी के सुपरविजन पर संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी धरमजयगढ़ निरीक्षक राजेश जांगड़े, एएसआई मंजु मिश्रा, महिला आरक्षक सोनम भगत, आरक्षक अलेक्सियुस एक्का की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश “मानव तस्करी जैसे जघन्य अपराधों में शामिल किसी भी आरोपी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा। ऑपरेशन क्लीन हंट में वर्षों से फरार अपराधियों की भी लगातार तलाश कर उन्हें गिरफ्तार किया जा रहा है। रायगढ़ पुलिस ऐसे अपराधों के विरुद्ध पूरी गंभीरता और कठोरता से कार्रवाई जारी रखेगी।”



