July 22, 2026

बहुचर्चित सहारा इंडिया निवेश घोटाले का फरार ब्रांच मैनेजर गिरफ्तार,3848 निवेशकों से की थी 40करोड़ से अधिक की धोखाधड़ी

IMG_20260721_153905

Oplus_131072

Share

Samna.in.Raigarh थाना कोतवाली पुलिस ने बहुचर्चित सहारा इंडिया निवेश घोटाले में लगभग तीन वर्षों से फरार चल रहे सहारा इंडिया कबीर चौंक रायगढ़ के ब्रांच मैनेजर विजय कुमार शराफ को कोतरारोड क्षेत्र से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया,जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

       मामले में वर्ष 2022 में शिकायतकर्ता विकास निगानिया पिता दिनेश निगानिया उम्र 35 वर्ष निवासी कृष्णा विहार कालोनी रायगढ द्वारा थाना कोतवाली में 29 सिंतबर 2022 को रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि सहारा इंडिया के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कंपनी की विश्वसनीयता और आरबीआई से अधिकृत होने का झूठा विश्वास दिलाकर उनसे, उनकी माता तथा पत्नी से वर्ष 2017 के दौरान लगभग ₹40 लाख विभिन्न योजनाओं में निवेश कराया। बाद में परिपक्वता अवधि पूरी होने के बावजूद राशि वापस नहीं की गई। जांच में यह भी सामने आया कि निवेशकों से रकम सहारा इंडिया के नाम पर लेकर विभिन्न सहकारी समितियों के नाम से बॉण्ड जारी किए गए और निवेशकों के साथ सुनियोजित धोखाधड़ी की गई।

      विवेचना के दौरान जिला प्रशासन, विभिन्न बैंकों, मंत्रालयों तथा निवेशकों से प्राप्त दस्तावेजों के आधार पर सहारा इंडिया समूह के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों, शाखा प्रबंधकों, सेक्टर मैनेजरों एवं रीजनल अधिकारियों की संलिप्तता पाई गई।

       मामले में कोतवाली पुलिस द्वारा धोखाधड़ी में संलिप्त आरोपी- सहारा इंडिया कंपनी रायगढ़ के पूर्व शाखा प्रबंधक ओम प्रकाश शर्मा, पूर्व शाखा प्रबंधक खरसिया पुष्पेन्द्र कुमार साहू, कंपनी डायरेक्टर करूणेश अवस्थी, सेक्टर मैनेजर अमृत लाल श्रीवास और 06.072024 को सहारा इंडिया कंपनी बिलासपुर के रीजनल मैनेजर रजनीष तिवारी  को गिरफ्तार कर विशेष न्यायाधीश रायगढ़ के न्यायालय में चालान पेश किया गया है ।  आरोपी से पुलिस ने उसके आई कार्ड, नियुक्ति एवं कार्य आदेश संबंधी दस्तावेज, बैंक खाते, जमीन संबंधी दस्तावेज, धोखाधड़ी रकम से क्रय की हुई कार एवं मोटर सायकल को जप्त किया गया है ।

           जांच में रायगढ़ जिले सहित अन्य जिलों से प्राप्त शिकायतों के आधार पर अब तक 3,848 निवेशकों के लगभग ₹40,78,16,739 की धोखाधड़ी का खुलासा हो चुका है। मामले में फरार आरोपियों की लगातार तलाश जारी है।

       प्रकरण में सहारा इंडिया कंपनी रायगढ़ कबीर चौंक रायगढ़ के ब्रांच मैनेजर विजय कुमार शराफ (54 वर्ष), निवासी विकास नगर, कोतरारोड़, रायगढ़ फरार होकर लुक छिप रहा था । ऑपरेशन क्लीन हंट में फरार आरोपी के ससुराल कोतरारोड़ आने की मुखबीर सूचना पर तत्काल कोतवाली पुलिस द्वारा आरोपी को हिरासत में लिया गया । पूछताछ में उसने अपराध से संबंधित महत्वपूर्ण तथ्यों को स्वीकार किया। उसके कब्जे से सहारा इंडिया कंपनी के फ्रेंचाइजी कार्यालय कबीर चौक के विकास एवं प्रशासन संबंधी आदेश पत्र तथा कंपनी से संबंधित एमओयू की प्रतियां जब्त की गईं। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर कल न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

       रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सहारा इंडिया निवेश घोटाले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश लगातार जारी है तथा प्रकरण में उपलब्ध होने वाले नए साक्ष्यों के आधार पर आगे भी प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फरार आरोपी की पतासाजी गिरफ्तारी में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल, एएसआई विल्फ्रेड मसीह और हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही है ।

एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश “निवेशकों के साथ धोखाधड़ी करने वाले किसी भी आरोपी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा। रायगढ़ पुलिस आर्थिक अपराधों में फरार आरोपियों की लगातार तलाश कर रही है। आम जनता के विश्वास के साथ खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।”