संगीत महाविद्यालय में बीपीए के लिए 40 सीटों पर प्रवेश,10 अक्टूबर तक कर सकेंगे आवेदन
Samna.in.Raigarh रायगढ़ में नवीन शासकीय संगीत महाविद्यालय में सत्र 2026-27 से बी.पी.ए. (बैचलर ऑफ परफॉर्मिंग आर्ट) पाठ्यक्रम में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। प्रवेश के लिए निर्धारित 40 सीटों पर विद्यार्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 10 अक्टूबर 2026 है। ऐसे में इच्छुक विद्यार्थियों के पास आवेदन के लिए अब केवल 4 दिन शेष हैं।
बी.पी.ए. पाठ्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को शास्त्रीय गायन (हिन्दुस्तानी), कथक नृत्य एवं लोक संगीत जैसे विषयों में अध्ययन का अवसर मिलेगा। कला के क्षेत्र में रुचि रखने वाले विद्यार्थी निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। आवेदन प्राप्ति एवं जमा करने का स्थान वाणिज्य विभाग, किरोड़ीमल शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय, रायगढ़ निर्धारित किया गया है। नवीन शासकीय संगीत महाविद्यालय का अस्थायी संचालन क्षेत्रीय पंचायत एवं ग्रामीण विकास संस्थान भवन, छोटे अतरमुड़ा, रायगढ़ से किया जाएगा। प्रवेश प्रक्रिया एवं अन्य जानकारी के लिए प्रो. (डॉ.) आनंद शर्मा, वाणिज्य विभाग, मोबाइल नंबर 98278-98200 पर संपर्क किया जा सकता है।

