October 7, 2026

GST जांच में संदिग्ध मिला 32.5 टन स्क्रैप,ट्रक सहित 26.50 लाख का माल ज़ब्त

IMG_20261006_185142

Oplus_131072

Share

Samna.in.Raigarh जीएसटी विभाग की ई-वे बिल जांच के दौरान संदिग्ध पाए गए स्क्रैप परिवहन के मामले में जीएसटी विभाग और पूंजीपथरा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ट्रक सहित करीब 32 टन 500 किलो विभिन्न प्रकार का लोहे का स्क्रैप जप्त किया है।

रायगढ़ ई-वे बिल जांच दल द्वारा एनआरव्हीएस प्लांट तराईमाल के पास वाहन की जांच की गई थी। वाहन में परिवहन किए जा रहे स्क्रैप एवं उससे संबंधित दस्तावेजों की जांच के दौरान वाहन चालक अलेख्जेण्डर तिर्की द्वारा माल को जिला कोरबा से ए.आर. इस्पात पूंजीपथरा ले जाना बताया गया, लेकिन वाहन में लदे माल एवं प्रस्तुत दस्तावेजों के संबंध में विरोधाभासी तथ्य सामने आए।

इस पर जीएसटी विभाग द्वारा वाहन को आगे की जांच के लिए निरूद्ध करते हुए वाहन चालक को MOV-01 एवं MOV-02 जारी किए गए तथा वाहन को निकटस्थ पेट्रोल पंप में उसकी अभिरक्षा में खड़ा कराया गया। इसके बाद वाहन चालक द्वारा संबंधित अधिकारी की अनुमति के बिना निरूद्ध वाहन को ए.आर. इस्पात पूंजीपथरा के प्लांट परिसर में माल अनलोडिंग के लिए ले जाने की जानकारी सामने आई। जीएसटी विभाग द्वारा संबंधित कर बीजक जारीकर्ता फर्म मेसर्स पी.आर. ग्लोबल, GSTIN 22ABFFP3210P1ZB, जगतपुर रोड रायगढ़ को भी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए, लेकिन फर्म द्वारा मातृ बीजक, माल के वास्तविक स्रोत एवं भुगतान संबंधी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। परिस्थितियों को देखते हुए माल के संदिग्ध एवं चोरी के होने की प्रथम दृष्टया आशंका पर जीएसटी विभाग द्वारा वाहन एवं माल को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई हेतु थाना पूंजीपथरा पुलिस के सुपुर्द किया गया।

4 अक्टूबर 2026 को पूंजीपथरा पुलिस ने वाहन  की जांच की, जिसमें विभिन्न प्रकार के टीन, लोहे के टुकड़े, राड एवं वाहनों के पार्ट्स सहित स्क्रैप लदा पाया गया। वाहन चालक अलेख्जेण्डर तिर्की,निवासी चिड़रापारा पत्थलगांव, जिला जशपुर से पूछताछ करने पर उसने उक्त स्क्रैप को नुनबीरा, धरमजयगढ़ क्षेत्र से लाकर ए.आर. इस्पात में खपाने के लिए ले जाना बताया। ए.आर. इस्पात पूंजीपथरा से संपर्क करने पर भी वाहन एवं माल के संबंध में संतोषजनक जानकारी अथवा पर्चेस ऑर्डर सहित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। इस पर पुलिस ने गवाहों के समक्ष वाहन में लदे करीब 32.5 टन स्क्रैप, अनुमानित कीमत 6.50 लाख, तथा 16 चक्का ट्रक क्रमांक CG22P9367, कीमत करीब 20 लाख, कुल ₹26.50 लाख की संपत्ति जप्त कर कब्जे में ली। मामले में पुलिस द्वारा वाहन चालक के विरूद्ध धारा 35(क)(ड) BNSS/303(2) BNS के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।