RAIGARH स्मार्ट मीटर से जनता की जेब पर बढ़ रहा बोझ,तत्काल वापस हो योजना- तरुण गोयल
Samna.in.Raigarh युवा कांग्रेस के महामंत्री एवं रायगढ़ कांग्रेस शहर मध्य मंडल-2 के अध्यक्ष तरुण गोयल ने ‘स्मार्ट मीटर’ योजना को लेकर प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से पूरे प्रदेश में बिजली बिलों में बेतहाशा बढ़ोतरी की शिकायतें सामने आ रही हैं। सरकार को जनता को महंगाई से राहत देनी चाहिए थी, लेकिन इसके उलट स्मार्ट मीटर के नाम पर गरीब, मध्यमवर्गीय और आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। तरुण गोयल ने कहा कि भयंकर महंगाई के इस दौर में आम परिवार पहले ही भारी आर्थिक दबाव से जूझ रहा है। रसोई का राशन, बच्चों की फीस, इलाज और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना लोगों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। ऐसे समय में बिजली बिलों में अचानक बढ़ोतरी ने आम उपभोक्ताओं की परेशानी और बढ़ा दी है। स्मार्ट मीटर लगने के बाद कई परिवारों को सामान्य खपत के बावजूद कई गुना अधिक बिजली बिल आने की शिकायतें मिल रही हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय लागू ‘हाफ बिजली योजना’ से लाखों परिवारों को बड़ी आर्थिक राहत मिलती थी। लेकिन भाजपा सरकार ने सत्ता में आते ही जनता को मिलने वाली उस राहत को समाप्त कर दिया। अब स्मार्ट मीटर की आड़ में उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ रही है। सरकार को इस व्यवस्था पर तत्काल पुनर्विचार करना चाहिए। तरुण गोयल ने कहा कि छत्तीसगढ़ देश के प्रमुख बिजली उत्पादक राज्यों में अग्रणी है। हमारे प्रदेश के पास कोयले और प्राकृतिक संसाधनों का भरपूर भंडार है। जब छत्तीसगढ़ के संसाधनों से दूसरे राज्य रोशन हो रहे हैं, तो फिर यहां की जनता को ही महंगे बिजली बिलों का बोझ क्यों उठाना पड़े? प्रदेश के संसाधनों का पहला अधिकार और लाभ यहां की जनता को मिलना चाहिए। उन्होंने भाजपा सरकार से सवाल करते हुए कहा कि जिस स्मार्ट मीटर को सुविधा और पारदर्शिता के नाम पर लागू किया जा रहा है, उसके बाद ही जनता को बढ़े हुए बिजली बिलों की शिकायत क्यों करनी पड़ रही है? सरकार को अपनी जिद छोड़कर आम उपभोक्ताओं की परेशानी को समझते हुए इस योजना को वापस लेना चाहिए।
तरुण गोयल ने राज्य सरकार से दो-टूक मांग की कि स्मार्ट मीटर योजना को तत्काल रद्द किया जाए, उपभोक्ताओं के घरों में पहले की तरह पारंपरिक मीटर लगाए जाएं और कांग्रेस सरकार के समय की ‘हाफ बिजली योजना’ को पुनः बहाल कर जनता को राहत दी जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता के हितों से जुड़े मुद्दों पर मजबूती से खड़ी रही है। यदि सरकार ने आम उपभोक्ताओं पर पड़ रहे आर्थिक बोझ को कम नहीं किया, तो कांग्रेस जनता की आवाज बनकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात मजबूती से रखेगी।



