August 25, 2026

जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश की तैयारी के लिए एनटीपीसी लारा ने शुरू किए 3 लर्निंग सेंटर

IMG-20260825-WA1080
Share

ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेगा अवसर

Samna.in.Raigarhआसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एनटीपीसी लारा ने एक अनूठी पहल करते हुए जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा की तैयारी हेतु अधिगम केंद्रों का शुभारंभ किया। इस पहल के अंतर्गत लारा, छपोरा एवं एकताल में तीन अधिगम केंद्र प्रारंभ किए गए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुभाष ठाकुर, प्रमुख परियोजना, एनटीपीसी लारा रहे। इस अवसर पर श्रीमती सुष्मिता रेड्डी, महाप्रबंधक (इंजीनियरिंग) एवं  जाकिर खान, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) सहित एनटीपीसी लारा के वरिष्ठ अधिकारी, 22 शासकीय विद्यालयों के शिक्षकगण, अभिभावक एवं आसपास के ग्रामों के ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

इस पहल का उद्देश्य कक्षा 4 एवं 5 के विद्यार्थियों में मूलभूत साक्षरता, संख्यात्मक क्षमता एवं तार्किक चिंतन को मजबूत करना तथा उन्हें जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा के लिए व्यवस्थित रूप से तैयार करना है।
अधिगम केंद्रों के लिए आयोजित चयन परीक्षा में कुल 290 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 125 विद्यार्थियों का विशेष प्रशिक्षण हेतु चयन किया गया है। चयनित विद्यार्थियों को नियमित कक्षाओं, समय-समय पर मूल्यांकन, मार्गदर्शन एवं अभिभावकों की सहभागिता के माध्यम से प्रवेश परीक्षा की तैयारी कराई जाएगी।


यह पहल सेल्फ रिलायंट इंडिया, रेवाड़ी के सहयोग से संचालित की जा रही है। एनटीपीसी के विभिन्न परियोजना स्थलों पर इस प्रकार के अधिगम केंद्रों के माध्यम से लगभग 1,200 विद्यार्थियों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही, कार्यक्रम में बालिकाओं की भागीदारी को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है, जो एनटीपीसी के बालिका सशक्तिकरण अभियान की भावना के अनुरूप है।


इस अवसर पर अपने संबोधन में श्री सुभाष ठाकुर, प्रमुख परियोजना, एनटीपीसी लारा ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने चयनित विद्यार्थियों को इस अवसर का पूरा लाभ उठाने तथा नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं निरंतर मेहनत के साथ प्रवेश परीक्षा की तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।


कार्यक्रम में 22 शासकीय विद्यालयों के शिक्षकों, अभिभावकों एवं ग्रामीण समुदाय की सहभागिता रही। एनटीपीसी लारा का प्रयास है कि आसपास के क्षेत्रों के प्रतिभाशाली बच्चों को उनकी क्षमता के अनुरूप उचित मार्गदर्शन एवं अवसर उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों में प्रवेश प्राप्त कर अपने भविष्य को नई दिशा दे सकें।


यह पहल केवल प्रवेश परीक्षा की तैयारी तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक नींव मजबूत करने, आत्मविश्वास बढ़ाने, तार्किक क्षमता विकसित करने तथा उन्हें बेहतर शैक्षणिक अवसरों के लिए सक्षम बनाने की दिशा में एनटीपीसी लारा का एक सार्थक एवं दीर्घकालिक प्रयास है।
कार्यक्रम के समापन पर सभी 125 चयनित विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य एवं जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में सफलता के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
“प्रतिभा को अवसर, शिक्षा को दिशा और सपनों को नई उड़ान—इसी संकल्प के साथ एनटीपीसी लारा की यह पहल आगे बढ़ रही है।”