मई 2027 तक रायगढ़ में आंतरिक रिंगरोड,कैनाल लिंक रोड..और मरीन ड्राइव से सीधे जुड़ेगा केवड़ाबाड़ी चौक से कबीर चौक
केलो नदी पर बन रहे तीन स्टॉप डेम और बैराज,प्रगतिनगर सड़क का काम भी जून 2027 से पहले होगा पूरा
Samna.in रायगढ़ कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने नगर पालिक निगम रायगढ़ क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कैनाल लिंक रोड, नालंदा परिसर के सामने केलो नदी पर निर्माणाधीन बैराज तथा प्रगतिनगर में सड़क निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया
कलेक्टर ने कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए
कलेक्टर चतुर्वेदी ने सर्वप्रथम कैनाल लिंक रोड का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे मई 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया। इस सड़क के निर्माण से केवड़ाबाड़ी चौक से मरीन ड्राइव तक सीधी कनेक्टिविटी स्थापित होगी। इससे शहरवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
कैनाल लिंक रोड के निर्माण के तहत चांदनी चौक ब्रिज के नीचे बॉक्स कल्वर्ट का निर्माण किया जाना है। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य के दौरान यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्यों को व्यवस्थित तरीके से पूरा करने पर जोर दिया
कलेक्टर ने नालंदा परिसर के सामने केलो नदी पर निर्माणाधीन बैराज का निरीक्षण किया। जल संसाधन विभाग द्वारा केलो नदी पर तीन स्टॉप डेम एवं बैराज का निर्माण कराया जा रहा है। इन संरचनाओं के निर्माण से नदी में पानी का ठहराव बनाए रखने और जल संरक्षण को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी। निर्माण कार्यों को जून 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे वर्षभर जल उपलब्धता बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगी।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने प्रगतिनगर में चल रहे सड़क निर्माण कार्य का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा से पहले कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। इस सड़क का निर्माण जून 2027 से पहले पूर्ण कर यातायात शुरू करने का लक्ष्य है। सड़क के तैयार होने से क्षेत्र के नागरिकों को आवागमन में बेहतर सुविधा मिलेगी
कलेक्टर चतुर्वेदी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, समय-सीमा और नागरिक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय, जल संसाधन विभाग के ई. श्री नायक, सहायक अभियंता श्री ऋषि कुमार राठौर सहित विभागीय अधिकारी एवं ठेकेदार उपस्थित रहे।
