May 14, 2026

सावित्री नगर में नहीं लगेगा जन्माष्टमी मेला!..नगर निगम ने सामान हटाने संचालक को दिया नोटिस…

IMG_20230728_100014.jpg
Share

सामना:- रायगढ़:- जन्माष्टमी पर्व के अवसर पर रायगढ़ में प्रतिवर्ष लगने वाले डिजनीलैंड को लेकर चल रहे प्रश्नचिन्ह पर अब पूर्ण विराम लगता नज़र आ रहा है।दरअसल जन्माष्टमी मेला लगाने को लेकर निगम कमिश्नर ने नोटिस जारी करते हुए रेल्वे अंडरब्रिज के निर्माण,सड़क निर्माण होने और पार्षदों के आपत्ति जताए जाने के कारण सावित्री नगर में मेला लगाए जाने के लिए संचालक को अनुमति देने से इंकार कर दिया है। साथ ही वार्ड क्र.30 के प्रभारी अमित केशरवानी द्वारा स्थल निरक्षण प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया है कि बिना अनुमति लिए संचालक द्वारा मीनाबाजार का सामान लगाया जा रहा है जिसके आधार पर नगर पालिका अधिनियम 1956 की धारा 252 के अंतर्गत तत्काल स्थल से सामान हटाने निर्देशित किया गया है।

रेलवे अंडरब्रिज और सड़क निर्माण कार्य जारी:-एक तरफ जहां बारिश में जलभराव की समस्या को दूर करने जिंदल द्वारा सीएसआर मद के तहत अंडरब्रिज की सफाई की जा रही है जिससे वह रास्ता आवागमन के लिए बंद कर दिया गया है जो जन्माष्टमी मेले की ओर जाने के दो मार्गों में से एक है तो वहीं दूसरी ओर रेलवे अंडरब्रिज से लेकर सावित्री नगर का सड़क निर्माण कार्य भी जारी है ऐसे में इन दोनों ही कार्यों को पूर्ण होने में लंबा वक्त लग सकता है लिहाजा इस बार सावित्री नगर में मेले का पहुंचमार्ग ही निर्माणाधीन होने के कारण मेले की परमिशन नहीं दी गई है।हालांकि रेलवे अंडरब्रिज की सफाई और सड़क निर्माण इन दोनो ही कार्यों से अटकलें लगाई जा रही थी कि शायद यह कार्य मेले में होने वाली बड़ी परेशानियों की वजह से कराई जा रही है ताकि मेले के दौरान होने वाली ट्रैफिक की समस्या से निजात मिल सके लेकिन यह दोनो ही निर्माण कार्य अनुमति ना दिए जाने की एक वजह बन रही है।

एसडीएम को सौंपा गया था ज्ञापन:- पार्षदों और जनप्रतिनिधियों ने पिछले वर्ष की जाम की भयावह स्थिति,रेलवे की पटरियों को पार कर मीनाबाजार पहुंचने से होने वाली दुर्घटनाओं की संभावना,मेडिकल इमरजेंसी और असामाजिक तत्त्वों का अड्डा बनने से होने वाली परेशानियों का हवाला देते हुए इस बार मीनाबाजार अन्यत्र लगाने की मांग की थी इसके अलावा न्यायालय में याचिका भी दायर की गई थी लिहाजा जन्माष्टमी मेले को इस स्थल पर अनुमति नहीं दिए जाने के एक कारणों में पार्षदों द्वारा की गई आपत्ति का भी नोटिस में जिक्र किया गया है।

क्यों है स्थल को लेकर विरोध :- दरअसल पिछले वर्ष शहर के बाजीराव पारा और सावित्री नगर के बीच स्थित भूमि पर एक साथ दो दो मीनाबाजार को परमिशन दी गई थी तब एक माह तक रोज़ाना लगने वाले जाम की स्थिति भयावह थी। मीनाबाजार जाने के लिए दो ही रास्ते हैं जिसमें से एक रेलवे अंडरब्रिज है जहां  बरसात लगते ही वहां जलभराव की स्थिति निर्मित हो जाती है इसके अलावा पुल संकरा होने की वजह से घंटो जाम लगा रहता है।दूसरा चर्च के रास्ते होकर बाजीराव पारा वाला रास्ता भी भीड़ के मद्देनजर पर्याप्त नहीं है लिहाजा दोनों रास्ते से आवागमन पूरी तरह से बाधित हो जाता है जिसे संभालना पुलिस प्रशासन के लिए भी संभव नहीं हो पाता। ऐसे में वहां के रहवासियों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ता है क्यूंकि उन्हे अपने घरों से निकलने और वापस लौटने के लिए रोजाना जाम की स्थिति झेलनी पड़ती है।इसलिए जनप्रतिनिधियों ने इस बार स्थल को लेकर आपत्ति जताई।

Letest Posts