July 17, 2026

RTE प्रवेश-निजी स्कूलों की 700 रिक्त सीटों पर 22 जुलाई से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया

IMG_20260717_184029

Oplus_131072

Share

Samna.in.Raigarh शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 में निजी विद्यालयों की कक्षा पहली की 700 रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए तृतीय एवं अंतिम चरण की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है।

राज्य कार्यालय, रायपुर से प्राप्त स्वीकृति के अनुसार जिले में निर्धारित कार्यक्रम के तहत प्रवेश संबंधी समस्त कार्यवाही की जाएगी। यह चरण उन पात्र बच्चों के लिए अंतिम अवसर होगा, जो पूर्व के चरणों में प्रवेश प्राप्त नहीं कर सके हैं।

शासन के निर्देशानुसार 22 जुलाई 2026 से 05 अगस्त 2026 तक जिला स्तर पर निर्धारित समय-सारणी के अनुसार आवेदन एवं प्रवेश संबंधी कार्यवाही की जाएगी। जिला शिक्षा अधिकारी  श्यामानंद साहू ने सभी पात्र अभिभावकों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि में आवश्यक दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन आवेदन कर अपने बच्चों को आरटीई के तहत निजी विद्यालयों में निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने के इस अंतिम अवसर का लाभ अवश्य उठाएं।

*पूर्व में प्रवेश प्राप्त बच्चों को नहीं करना होगा आवेदन*

जिला मिशन समन्वयक श्री आलोक स्वर्णकार ने बताया कि तृतीय एवं अंतिम चरण में केवल उन्हीं पात्र बच्चों के ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जाएंगे, जिन्होंने आरटीई के पूर्व चरणों में प्रवेश प्राप्त नहीं किया है। पहले से चयनित अथवा प्रवेश ले चुके बच्चों को पुनः आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी। प्रथम चरण में लागू सभी पात्रता शर्तें, आरक्षण संबंधी प्रावधान एवं अन्य नियम इस चरण में भी यथावत प्रभावी रहेंगे। अंतिम चरण की जानकारी प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचाने के लिए निजी विद्यालयों के आसपास की बस्तियों एवं मोहल्लों में मुनादी कराई जाएगी। साथ ही अन्य स्थानीय माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि जानकारी के अभाव में कोई भी पात्र बच्चा निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसर से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि शासन के निर्देशानुसार प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित सभी कार्य 27 अगस्त 2026 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण किए जाएंगे। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से पूरी प्रक्रिया संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं।