July 14, 2026

ईरानी हमले में एक भारतीय नाविक की मौत,8 घायल

n7195154101784002176382d5666256ef35036741397fcfabe5f43717635782aa2e44fb6567edb148d7a57a
Share

Samna.in ईरानी क्रूज मिसाइल हमले में एक भारतीय नाविक की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य चालक दल के सदस्य घायल हो गए हैं घायलों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है. यूएई के रक्षा मंत्रालय ने इस हमले की पुष्टि की है.

UAE के रक्षा मंत्रालय ने एक्स पर किए एक पोस्ट में बताया है कि ओमान की समुद्री सीमा के अंदर, होर्मुज स्ट्रेट के दक्षिणी शिपिंग लेन से गुजरते समय ‘मोम्बासा’ और ‘अल बहिया’ नाम के टैंकरों को ईरान की दो क्रूज मिसाइलों से निशाना बनाया गया.

मंत्रालय ने पुष्टि की कि इस हमले में ‘मोम्बासा’ टैंकर पर सवार एक भारतीय क्रू सदस्य की मौत हो गई और 8 अन्य लोग घायल हो गए, जिनमें छह भारतीय और दो यूक्रेनी नागरिक शामिल हैं. आग लगने के कारण दोनों जहाजों को नुकसान पहुंचा, लेकिन आग पर काबू पा लिया गया है. UAE ने इस हमले की निंदा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का गंभीर उल्लंघन बताया और जवाबी कार्रवाई करने का अपना अधिकार सुरक्षित रखा.

होर्मुज स्ट्रेट को बिना किसी शर्त खोलना होगा

UAE ने कहा कि क्षेत्रीय सुरक्षा की रक्षा करने और वैश्विक अर्थव्यवस्था और व्यापार की स्थिरता बनाए रखने के लिए ईरान को इन बिना उकसावे वाले हमलों को रोकना होगा, सभी तरह की शत्रुता को तुरंत खत्म करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध होना होगा और होर्मुज स्ट्रेट को बिना किसी शर्त के पूरी तरह से फिर से खोलना होगा. यह घटनाक्रम तब हुआ है जब इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) द्वारा होर्मुज़ स्ट्रेट को बंद करने के बाद अमेरिका और ईरान के बीच फिर से तनाव बढ़ गया है, जिसके जवाब में अमेरिका ने ईरान में 140 जगहों पर जवाबी हमले किए.

समुद्री यातायात की नाकेबंदी फिर शुरू करेगा अमेरिका

साथ ही, अमेरिका ने घोषणा की कि वह आज शाम से ईरानी बंदरगाहों पर आने-जाने वाले समुद्री यातायात की नाकेबंदी फिर से शुरू करेगा. इससे पहले, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि होर्मुज स्ट्रेट में नौसैनिक नाकेबंदी खास तौर पर ईरान को निशाना बनाएगी, जबकि अन्य देशों के जहाजों को इस रणनीतिक जलमार्ग से गुजरने की अनुमति होगी