बुजुर्ग दंपति के जले शव मिलने का मामला, हत्या का अपराध दर्ज, हर एंगल से पुलिस कर रही जांच
Samna.in.Raigarh Crime News थाना धरमजयगढ़ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम क्रोंधा देवमारीडांड में रहने वाले मंगल राठिया (65 वर्ष) एवं उनकी पत्नी पुनाई बाई राठिया (55 वर्ष) के घर के भीतर जली हुई अवस्था में शव मिलने के मामले में पुलिस ने हत्या व साक्ष्य छिपाने का अपराध दर्ज कर हर एंगल से जांच शुरू कर दी है।
मृतक के यहां कार्य करने वाले रामलाल चौहान ने बताया कि वह पिछले लगभग तीन वर्षों से मृतक मंगल राठिया के घर में कार्य कर रहा है। 14 जुलाई 2026 को वह प्रतिदिन की तरह काम कर शाम को अपने घर चला गया था। उस समय घर में केवल मंगल राठिया और उनकी पत्नी पुनाई बाई राठिया मौजूद थे। आज सुबह लगभग 6 बजे जब वह काम पर पहुंचा तो घर का मुख्य दरवाजा खुला मिला। अंदर जाने पर घर के सभी दरवाजे खुले थे तथा एक कमरे से धुआं निकल रहा था। कमरे के बाहर से देखने पर उसने मंगल राठिया का शव जली हुई अवस्था में जमीन पर पड़ा देखा तथा उसके पास ही उनकी पत्नी पुनाई बाई राठिया का भी जला हुआ शव पड़ा था। इसके बाद उसने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी।
धरमजयगढ़ पुलिस द्वारा दोनों शवों का पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई गई है। मामले में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध हत्या एवं साक्ष्य छिपाने की धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। पुलिस एफएसएल एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना के प्रत्येक पहलू की गहन जांच कर रही है तथा दोषियों की शीघ्र पहचान कर उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।



