October 14, 2026

Raigarh केलो डेम के पास युवक-युवती से लूटपाट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

IMG-20261014-WA0854
Share

Samna.in.Raigarh केलो डेम के पास घूमने गए युवक-युवती से मारपीट कर मोबाइल और नगदी लूटने के मामले में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस फरार आरोपी की पतासाजी में जुटी हुई है।

      घटना के संबंध में प्रार्थी सानू सारथी पिता सोहन सारथी निवासी जोगीडीपा, रायगढ़ ने 12 अक्टूबर को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 11 अक्टूबर की शाम वह अपनी एक महिला मित्र के साथ बुलेट मोटरसाइकिल से केलो डेम घूमने गया था। शाम करीब 7:30 बजे जब दोनों वापस लौटने के लिए निकल रहे थे, तभी 3-4 अज्ञात युवक वहां पहुंचे और युवती को लेकर वहां घूमने पर सवाल करते हुए प्रार्थी के साथ मारपीट करने लगे। इसके बाद आरोपियों ने प्रार्थी की जेब में रखे 1,500 रुपये, आईफोन 12 मिनी मोबाइल और उसकी महिला मित्र का मोटोरोला कंपनी का मोबाइल लूट लिया। वारदात के बाद आरोपी बुलेट मोटरसाइकिल की चाबी भी कहीं फेंककर फरार हो गए।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 597/2026, धारा 115(2), 309(4), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

   त्वरित कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सोहेल अंसारी पिता मोहम्मद खुर्शीद अंसारी, उम्र 23 वर्ष, निवासी इंदिरा नगर, रायगढ़ तथा रणवीर कुमार पिता मिथलेस भगत, उम्र 22 वर्ष, निवासी चेहराकला, थाना महुवा, जिला वैशाली (बिहार), हाल मुकाम उर्दना डीपापारा, रायगढ़ को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष प्रार्थी से आरोपियों की पहचान संबंधी कार्रवाई कराई गई। आरोपियों ने मेमोरेंडम पर लूटे गए मोबाइल और नगदी रकम को फरार साथी के पास होना बताये हैं।

       कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में शामिल तीसरे आरोपी की तलाश जारी है तथा घटना के संबंध में आगे की विवेचना की जा रही है।