June 19, 2025

सीएम विष्णुदेव साय शामिल हुए बाबा गुरू घासीदास जयंती समारोह में….गुरू घासीदास वि.वि. के विजेता विद्यार्थियों को वितरित किए पुरस्कार…

IMG-20231218-WA0517.jpg
Share

सामना:- बिलासपुर:- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बिलासपुर के गुरू घासीदास केन्द्रीय विश्वविद्यालय में आयोजित बाबा गुरू घासीदास जी की जयंती समारोह एवं कुल उत्सव में शामिल हुए। मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर जयंती समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि बाबा गुरूघासीदास का सामाजिक समरसता एवं समानता का संदेश आज अधिक प्रासंगिक एवं सार्थक है। उनके उपदेश का असर है कि छत्तीसगढ़ में सामाजिक समरसता बनी हुई है। बाबा जी के बताये रास्ते पर चलकर छत्तीसगढ़ सरकार सामाजिक समरसता को और मजबूत करने का प्रयास करेगी।

उन्होंने इस अवसर पर कुलपति द्वारा संपादित किताब ‘गुरू घासीदास सतनाम पंथ के प्रवर्तक’ का विमोचन भी किया और विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र छात्राओं को पुरस्कृत कर सम्मानित भी किया।

       मुख्यमंत्री श्री साय ने कॉलेज के एनएसएस इकाई द्वारा आयोजित ब्लड डोनेशन कैम्प का शुभारंभ किया।विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों के लिए संचालित सस्ते केन्टीन की प्रशंसा की। मुख्यमंत्री ने घासीदास विश्वविद्यालय के केन्द्र के राजधानी में विस्तार के लिए पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।

    

मुख्यमंत्री ने बाबा गुरु घासीदास की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण:- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस अवसर पर गुरु घासीदास केन्द्रीय विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित बाबा घासीदास की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें सादर नमन किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ की खुशहाली एवं समृद्धि के लिए गुरु बाबा से आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राएं मौजूद थे। प्रतिमा स्थल पर छात्रों ने पंथी नृत्य से मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का स्वागत किया।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का हेलीपैड पर जोशीला स्वागत:- – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के बिलासपुर पहुंचने पर हेलीपैड में आत्मीय स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री बनने के बाद श्री साय का पहला बिलासपुर दौरा है। श्री साय गुरु घासीदास केन्द्रीय विश्वविद्यालय में आयोजित बाबा गुरु घासीदास जयंती समारोह में शामिल होने पहुंचे हैं। उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा भी उनके साथ थे। हेलीपैड पर प्रमुख रूप से कुलपति श्री आलोक कुमार चक्रवाल, बिल्हा विधायक श्री धरमलाल कौशिक, बिलासपुर विधायक श्री अमर अग्रवाल, बेलतरा विधायक श्री सुशांत शुक्ला, महापौर श्री रामशरण यादव, पूर्व विधायक श्री रजनीश सिंह, अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिकों ने गुलदस्ता भेंटकर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। केंद्रीय विश्वविद्यालय के युवाओं ने  गाजे-बाजे के साथ मुख्यमंत्री का उत्साहपूर्ण स्वागत किया।