प्लांट के गार्ड पर हमला कर लूट करने वाले 3 लुटेरे चंद घंटों में गिरफ्तार
Samna.in.Raigarh Crime News रायगढ़ पूंजीपथरा पुलिस ने सूर्योदय प्लांट के सुरक्षा गार्ड से मोबाइल लूटकर चाकू से हमला करने वाले तीन आरोपियों को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
प्रार्थी कुबेर कुमार यादव, निवासी ग्राम ढोढ़ीआरा,थाना तपकरा, जिला जशपुर, वर्तमान निवासी सूर्योदय प्लांट कॉलोनी, पूंजीपथरा ने 14 जुलाई 2026 को थाना पूंजीपथरा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 13 जुलाई 2026 की शाम करीब 4:30 बजे वह कंपनी से ग्राम तुमीडीह बाजार जाने के लिए पैदल निकला था। कंपनी के मुख्य द्वार से लगभग 100-200 मीटर आगे पहुंचने पर एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने उसे घेर लिया और मोबाइल, पर्स तथा रुपये निकालने की मांग की। विरोध करने पर आरोपियों में से एक ने धारदार चाकू से उसके पेट के पास वार कर घायल कर दिया तथा उसकी जेब से मोबाइल एवं पर्स लूटकर मोटरसाइकिल से फरार हो गए।
विवेचना के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वारदात को अंजाम देने वाले वेजौन कंपनी, चिराईपानी के पास तीन संदिग्ध युवक घूम रहे हैं। पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर तीनों को हिरासत में लिया। पूछताछ एवं पीड़ित से पहचान कराने पर तीनों ने अपराध करना स्वीकार कर लिया।
आरोपी कुलदीप सिंह के कब्जे से लूटा गया मोबाइल बरामद किया गया। वहीं आरोपी जगन्नाथ सोनी उर्फ सोनू के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त चाकू, एक सिम कार्ड तथा मोबाइल के माध्यम से अपने फोन-पे खाते में ₹30,000 ट्रांसफर किए जाने संबंधी बैंक खाते से जुड़े साक्ष्य जब्त किए गए।
विवेचना में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर तीनों आरोपियों 1- कुलदीप सिंह (33 वर्ष), निवासी बेला झरिया थाना मरवाही जिला गौरेला पेंड्रा मरवाही हाल मुकाम वेज्रौन कंपनी क्वार्टर, पूंजीपथरा 2- जगन्नाथ सोनी उर्फ सोनू (21 वर्ष) ग्राम कचकोबा थाना तमनार हाल मुकाम एनआर इस्पात देलारी पूंजीपथरा एवं 3- अनिकेत धनवार (19 वर्ष) निवासी ग्राम कसडोल थाना तमनार को 14 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
आरोपी कुलदीप पूर्व में ट्रेलर वाहन चोरी में आरोपी रहा है
पूंजीपथरा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से गंभीर अपराधों के प्रति रायगढ़ पुलिस की सक्रियता और अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की प्रतिबद्धता एक बार फिर स्पष्ट हुई है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश – लूटपाट जैसे हिंसक अपराध करने वालों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की त्वरित एवं कठोर कार्रवाई जारी, आमजन की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा



