June 25, 2025

भाजपा को मिला नया प्रदेश अध्यक्ष….ओबीसी वोटरों को साधने की कोशिश!…जल्द ही नेता प्रतिपक्ष बदलने की तैयारी…..कॉंग्रेस ने साधा निशाना..

IMG_20220810_082256.jpg
Share

सामना न्यूज़:-रायगढ़:-छत्‍तीसगढ़ विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश भाजपा को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। अब छत्तीसगढ़ भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष बिलासपुर सांसद अरुण साव होंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने साव को प्रदेश अध्यक्ष बनाने की घोषणा की। इस फैसले से भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओ में खुशी की लहर है।सोशल मीडिया के माध्यम से भी भाजपाइयों ने इस फैसले पर खुशी ज़ाहिर करते हुए बधाई संदेश प्रेषित किये हैं।

ओबीसी वोटरों को साधने की कोशिश:-  विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा संगठन न ओबीसी वर्ग से आने वाले अरुण को प्रदेश अध्यक्ष की कमान देकर भाजपा ओबीसी वोटरों को साधने की कोशिश में है।साव को प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपने के पीछे तर्क यह दिया जा रहा है कि वह ओबीसी वर्ग से आते हैं। साथ ही भाजपा प्रदेश के पांचों संभाग में सबसे ज्यादा मजबूत स्थिति में बिलासपुर संभाग में है। ऐसे में प्रदेश अध्यक्ष की कमान बिलासपुर के ओबीसी नेता को सौंपी गई है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय आदिवासी वर्ग से आते हैं और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में आदिवासी विधायक मोहन मरकाम जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

कॉंग्रेस ने साधा निशाना:- विश्व आदिवासी दिवस पर भाजपा ने आदिवासी प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय को बदल दिया है। इससे कांग्रेस को निशाना साधने का मौका मिल गया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम सहित अन्य कांग्रेस नेताओं ने चुन-चुन कर भाजपा पर निशाना साधा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस के दिन विष्णुदेव साय को हटाना भाजपा की आदिवासी विरोधी सोच को दर्शाता है। चेहरा बदलने से हालात नहीं बदलने वाला है। भाजपा पर जनता को भरोसा नहीं रहा। मरकाम ने कहा कि इसके पहले एक और आदिवासी नेता विक्रम उसेंडी को भी बिना कार्यकाल पूरा किए पद से हटा दिया गया था।

जल्द बदला जाएगा नेता प्रतिपक्ष:-छत्तीसगढ़ में भाजपा का अध्यक्ष बदलने के बाद अब नेता प्रतिपक्ष को भी बदला जाएगा। भाजपा शीर्ष नेतृत्व ने इस पर फैसला कर लिया है। हालांकि यह आदेश कब तक होगा, यह तय नहीं हैं, क्योंकि फिलहाल विधानसभा का कोई सत्र नहीं है। नेता प्रतिपक्ष का हटना इसलिए तय है, क्योंकि एक ही जिले में दोनों बड़े पद नहीं दे सकते।

नेता प्रतिपक्ष के दावेदार:-विधानसभा के नए नेता प्रतिपक्ष के लिए जो नाम प्रमुख रूप से चर्चा में हैं, उसमें बृजमोहन अग्रवाल, अजय चंद्राकर और नारायण चंदेल और सौरभ सिंग हैं। दो दिन पहले पार्टी ने चंद्राकर को मुख्य प्रवक्ता बनाया है, इसलिए चंदेल की दावेदारी तगड़ी हो जाती है हालांकि अरूण साव के नामों पर जिस तरह से मुहर लगायी गयी है, उसने एक बात तो स्पष्ट कर दिया है कि पार्टी अनुभवी से ज्यादा आक्रमकता को तरजीह दे रही है। मिली जानकारी के मुताबिक पार्टी  दो-चार दिनों के भीतर ही नये नेता प्रतिपक्ष के नाम पर पार्टी मुहर लगा देगी।
वहीं जातिगत समीकरण की बात करें तो कृष्णमूर्ति बांधी और पुन्नूलाल मोहले का भी नाम आता है, लेकिन पार्टी फिलहाज आक्रमक चेहरे की तलाश कर रही है, माना जा रहा है कि जल्द ही नामों पर मुहर पार्टी लगा देगी।